Bihar News: शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आज शुक्रवार (18, सिंतबर) को पटना के विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव की नई पुस्तक ‘मोदी युग का भारत’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पुस्तक के लेखक को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन और प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

पुस्तक को बताया प्रासंगिक और महत्वपूर्ण

पुस्तक का लोकार्पण करने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, ‘मोदी युग का भारत’ एक बेहद महत्वपूर्ण और प्रासंगिक पुस्तक है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पिछले 25 वर्षों से जारी अनवरत सार्वजनिक सेवा और उनके यशस्वी नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को एक ही जगह समाहित किया गया है, जो पाठकों को देश की विकास यात्रा को गहराई से समझने में मदद करेगी।

लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने कही ये बात

वहीं, पुस्तक के लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने बताया कि, यह कृति राजनीतिक एवं सामाजिक विषयों में रुचि रखने वाले पाठकों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी अत्यंत उपयोगी साबित होगी। इसमें प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन, उनकी लंबी सेवा यात्रा, देशहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों को बेहद सरल रूप में प्रस्तुत किया गया है।

शिक्षा मंत्री ने बिहार को बताया ज्ञान की भूमि

वहीं, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपने एक अन्य बयान में कहा कि, बिहार हमेशा ज्ञान की भूमि रही है। हमारे जो 700 मॉडल स्कूल हैं। इसको हमने विशेष रूप से तैयार किया है। हालांकि इसकी संख्या हम आवश्यकता अनुसार और आगे बढ़ाएंगे लेकिन इसमें जो बच्चे पढ़ रहे हैं और जो टीचर्स पढ़ा रहे हैं, उस पर सरकार का सबसे ज्यादा फोकस रहेगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि, हर प्रखंड में हमने एक विद्यालय स्थापित किया है। स्क्रीनिंग के तहत और प्रदर्शन के तहत बच्चों को इस विद्यालय में एडमिशन दिया गया है और जो बेहतर शिक्षक हैं उन्हीं को हमने इसमें स्थान दिया है। हम अपने विद्यार्थियों को सभी सुविधाएं देंगे। अब उनको कोटा और दिल्ली जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बिहार के मॉडल स्कूलों में उससे भी बेहतर सुविधा हम देंगे और हम अपने विद्यार्थियों को टॉप कराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

ये भी पढ़ें- ‘देश की सेवा करने वाला अपने ही गांव में सुरक्षित नहीं’, आर्मी जवान की मौत पर भड़के सुधाकर सिंह