प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले के रामगढ़ में बीते दिनों आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की हुई मौत को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह ने रामगढ़ की घटना को लेकर जिला प्रशासन की कार्यशैली और बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े किए हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रशासन को कानून-व्यवस्था के मामले को और अधिक गंभीरता से काम करने की जरूरत है।

दरअसल, रामगढ़ थाना क्षेत्र के साहूका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव पर जमीन विवाद से जुड़े मामले में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा कर जला दिया गया था। गंभीर रूप से झुलसे जवान का इलाज लखनऊ के सैन्य अस्पताल में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जवान की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला था। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर अपना विरोध भी जताया था।

अब इसी मामले को लेकर बक्सर सांसद सुधाकर सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है। सांसद ने कहा कि, वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बिहार में अपराध काफी बढ़ गया है। उन्होंने रामगढ़ में हाल के दिनों में हुई विभिन्न घटनाओं का जिक्र करते हुए प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

सांसद सुधाकर सिंह ने कहा ,कि रामगढ़ में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। कभी दिनदहाड़े किसी व्यक्ति पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की घटना सामने आती है, तो कभी संदिग्ध परिस्थितियों में सर कटा शव बरामद होने की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में प्रशासन पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठते रहे हैं और उन्होंने दावा किया कि पैसे के लेन-देन के कारण मामलों को दबाने या रफा-दफा करने की शिकायतें भी सामने आती हैं।

सुधाकर सिंह ने कहा कि, कानून-व्यवस्था किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है और प्रशासन को अपराध की घटनाओं पर तत्काल एवं निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर अपराधियों में कानून का भय नहीं रहेगा, तो आम लोगों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ेगी।

आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की मौत पर सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि यह घटना बेहद गंभीर और निंदनीय है। उनके मुताबिक, जमीन से जुड़े करीब 16 लाख रुपये के बकाया की मांग को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान जवान पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई।

सांसद ने कहा कि, देश की सेवा करने वाला एक आर्मी जवान अगर अपने ही गांव और क्षेत्र में सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

रामगढ़ में आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की मौत के बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। जवान की मौत से जहां परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- ‘…चोरी-डकैती की भूख बढ़ गई है’, ममता की पार्टी को नया नाम और चुनाव चिह्न मिलने पर भड़के तेजस्वी