अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. दुलहीपुर क्षेत्र में कूड़े के ढेर, जाम नालियों और बदहाल सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है. गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है, वहीं टूटी सड़क से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय वरिष्ठ नागरिक डॉ. हरिहर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है. कूड़ा जहां फेंका जाता है, वहीं दिनों तक पड़ा रहता है और धीरे-धीरे उसका अंबार लग जाता है. इससे नालियां जाम हो जाती हैं और जलभराव की समस्या भी बनी रहती है. उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी कभी-कभार आते हैं और कूड़े को एक जगह इकट्ठा कर चले जाते हैं, लेकिन उसका निस्तारण नहीं किया जाता.
इसे भी पढ़ें : यूपी सहित पूरे देश मे वीबी-जी राम जी एक्ट लागू, 125 दिन के रोजगार के साथ मिलेगी न्यूनतम 300 रुपये मजदूरी
डॉ. हरिहर सिंह ने बताया कि वर्तमान में पिछले तीन-चार वर्षों से स्थिति बेहद खराब है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था कराई जाए तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्थानीय स्तर पर गोष्ठियों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाए.
वहीं रायपुर महामलपुर निवासी बसंत लाल ने बताया कि सड़क की समस्या पिछले 20 से 25 वर्षों से बनी हुई है. इस मार्ग से करीब 20 से 25 गांवों के लोग रोजाना आवागमन करते हैं. खराब सड़क के कारण बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है तथा कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं. उन्होंने कहा कि कई अधिकारी मौके पर आकर निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान आज तक नहीं हुआ. बसंत लाल ने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि सड़क का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.
इसे भी पढ़ें : राम नाम पर सियासत! मायावती ने राम मंदिर में चढ़ावे चोरी पर दिया बड़ा बयान, जानिए बसपा सुप्रीमो ने क्या कहा?
इस संबंध में ग्राम प्रधान सरिता सोनकर ने बताया कि ग्राम पंचायत में केवल एक सफाई कर्मी होने के कारण पूरे गांव की नियमित सफाई कराना संभव नहीं हो पा रहा है. उन्होंने बताया कि अतिरिक्त सफाई कर्मियों की मांग को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है. अधिकारियों द्वारा शीघ्र समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कूड़ा निस्तारण, नालियों की सफाई और सड़क निर्माण का कार्य नहीं कराया गया तो क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और बढ़ सकती हैं. लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है.

