भिलाईनगर। बीएसपी के सेक्टर 9 हॉस्पिटल को आउट सोर्सिंग में देने के लिए सेल मैनेजमेंट ने एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट ( रुचि की अभिव्यक्ति ) आमंत्रित किया था। इसके आधार पर 8 पार्टियों ने अपनी रुचि दिखाई है। इधर मैनेजमेंट अब ओपन टेंडर करने के मूड में है। टर्म्स एंड कंडीशन फाइनलाइज किया जा रहा है। तीन माह के अंदर हास्पिटल के आउट सोर्सिंग में जाने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : पॉवर सेंटर : नैतिक-अनैतिक… वीआईपी पास… ढांचा बदलने की तैयारी… टिप्पणी… पांडेय पर मुहर !… आईपीएस तबादला?… – आशीष तिवारी

यह बीएसपी कामकों के लिए बड़ी खबर है कि सेक्टर 9 हॉस्पिटल के आउट सोर्सिंग की प्रक्रिया में तेजी आ गई है। हॉस्पिटल के तीन विभाग – कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी व आन्कोलाजी को ही आउट सोर्सिंग में देने के लिए पहले ही प्रक्रिया शुरु हो गई है। लेकिन अब पूरे हॉस्पिटल को आउट सोर्सिंग पर दिया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक सेक्टर 9 हॉस्पिटल में सालाना होने वाले करीब 180 करोड़ खर्च के चलते मैनेजमेंट पर इसे आउट सोर्सिंग में देने का दबाव है। यही वजह है कि उसे इसके लिए एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट आमंत्रित करना पड़ा।

narayana

इस समय मैनेजमेंट के पास दो आप्शन हैं। या तो वह एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट के तहत आई 8 पार्टियों के बीच ही टेंडर तय करे या फिर ओपन टेंडर निकालकर उन 8 पार्टियों को शामिल कर अन्य नई पार्टियों को भी टेंडर में शामिल करे। असल में मैनेजमेंट को यह भी देखना है कि इतने बड़े हॉस्पिटल को आउट सोर्सिंग में लेने के लिए जिन पार्टियों ने रुचि दिखाई है उनमें से कैपेबल कितने हैं। पता चला है कि मैनेजमेंट ओपन टेंडर निकालने के मूड में है। तीन माह के अंदर टर्म्स कंडीशन सहित अन्य प्रक्रिया को पूरा करने की कवायद चल रही है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि अगले तीन माह के अंदर सेक्टर 9 हॉस्पिटल को किसे आउट सोर्सिंग में देना है इसके बारे में बड़ा फैसला ले लिया जाएगा।

आउटसोर्सिंग की प्रक्रिया में आई तेजी

मैनेजमेंट इसके पूर्व मैत्रीबाग, बीएसपी के तीन स्कूलों और मेडिकल के तीन विभागों को आउटसोर्सिंग पर देने के लिए एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट आमंत्रित कर चुका है। हालांकि मैत्रीबाग के लिए किसी भी पार्टी ने अपनी रुचि नहीं दिखाई लेकिन बीएसपी के स्कूलों को लेने के लिए तीन दर्जन से अधिक शैक्षणिक संस्थानों ने इच्छा जताई है। इनमें कुछ भिलाई की और कुछ बाहर की हैं। लेकिन मैनेजमेंट ने अभी तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है।

बीएसपी के जीएम की मौत मामले में जांच जारी, रिकार्ड में नहीं मिला कॉल

भिलाईनगर। बीएसपी के बीआरएम के जीएम सच्चिदानंद त्रिपाठी की 15 मई को देर रात 3 बजे अचानक खराब हो गई, हास्पिटल पहुंचने के पूर्व उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सेक्टर 9 हास्पिटल में एंबुलेंस के लिए काल करने पर काल रिसीव नहीं किया गया, यह देरी मौत का कारण बनी। दूसरी ओर हेल्प लाइन के फोन में काल रिकार्ड की जांच करने पर रात 12 बजे के बाद कोई काल आना नहीं पाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बीआरएम के जीएम सच्चिदानंद त्रिपाठी की तबियत 15 मई की रात को अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें सुबह करीब 4 बजे सेक्टर 9 हास्पिटल लेकर आए तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि हेल्प लाइन में उन्होंने एंबुलेंस भेजने के लिए काल किया था लेकिन उनका काल रिसीव नहीं किया गया। यह शिकायत कार्पोरेट आफिस तक पहुंची जिसे सेल मैनेजमेंट ने गंभीरता से लिया ।

बीएसपी मैनेजमेंट को मामले की जांच करने कहा। इस पर मामले की जांच शुरु हो गई है। हेल्प लाइन में रखे फोन की काल डिटेल चेक करने पर पाया गया कि रात 12 बजे के बाद कोई काल शो नहीं कर रहा है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है। उधर मृत जीएम के पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजन ओडिशा ले गए।

बीएसपी कर्मियों को 39 माह का एरियर भुगतान करने की मांग

भिलाईनगर। स्टील इम्प्लाइज यूनियन इंटक की कार्यकारिणी की बैठक इंटक कार्यालय में रखी गई। इसमें सेल प्रबंधन से मांग की गई कि कंपनी ने लगातार लाभ अर्जित किया है इसलिए कर्मचारियों को लंबित 39 माह का एरियर शीघ्र भुगतान किया जाए। महासचिव संजय कुमार साहू ने कहा कि सेल के कर्मियों ने कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा एवं मेहनत से उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है जिससे कंपनी लगातार लाभ की स्थिति में बनी हुई है।

कर्मचारियों को उनके मेहनत का उचित अधिकार समय पर मिलना चाहिए। बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई जिसमें बीएसपी कर्मचारियों को हाउस बिल्डिंग लोन, मोटरसाइकिल एवं कार लोन, सभी कर्मचारियों को यूनिफॉर्म दिया जाए। बीएसपी में सीपीएफ लोन में टॉप अप की सुविधा पूर्व की भांति चालू की जाए एवं अस्थाई लोन को पूर्व की भांति 3 दिन के अंदर दिया जाए। टाउनशिप के अंदर विभिन्न समाजों को दिए गए भवन में बीएसपी कमचारियों को उनके कार्यक्रम के लिए छूट दी जाए।

आवास आवंटन में सब्जेक्ट टू वैकेशन लागू करें : आवास आवंटन में सब्जेक्ट टू वेकेशन को जल्द से जल्द चालू किया जाए एवं 650 वर्ग फीट तक के सभी आवास को लाइसेंस सुविधा के अंतर्गत दिया जाए। भिलाई क्लब एवं स्टील क्लब में कर्मचारियों को भी सदस्यता दी जाए।

संयंत्र के अंदर इलेक्ट्रिक बस जल्द चालू करें: संयंत्र के अंदर इलेक्ट्रिक बस जल्द से जल्द चालू करने की मांग की गई। सेक्टर 9 अस्पताल में एंबुलेंस की व्यवस्था को दुरुस्त करने, सही समय पर पहुंचने की व्यवस्था को सुदृढ़ करने की भी मांग उठी। बीएसपी कर्मचारियों के पर्सनल फाइल में प्रतिवर्ष मिलने वाले सीआर को कर्मचारियों को अवगत कराया जाए। 2007 से चालू मंथली इंसेंटिव स्कीम को जल्द रिवाइज किया जाए। 1 जनवरी 2027 से नए वेज रिवीजन की प्रक्रिया जल्द प्रारंभ की जाए।

दुर्ग में दो दिनों तक प्रभावित रहेगा जलप्रदाय

दुर्ग। निगम क्षेत्र के बघेरा स्थित पानी टंकी के पास बड़ी पाइप लाइन में लीकेज होने के कारण शुद्ध पेयजल का व्यापक स्तर पर बहाव हो रहा है, जिससे जलप्रदाय व्यवस्था प्रभावित हुई है। स्थिति को देखते हुए निगम द्वारा पाइप लाइन रिपेयरिंग कार्य अत्यावश्यक रूप से कराया जा रहा है। कार्य मई से 20 मई तक जारी रहेगा। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों में जलप्रदाय प्रभावित रहेगा।

निगम प्रशासन द्वारा आवश्यकता अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। प्रभावित क्षेत्रः वार्ड 56 बघेरा एवं एसटीएफ कॉलोनी, वार्ड 1 नया पारा एवं पंचशील नगर, वार्ड 2 राजीव नगर, वार्ड 3 मठपारा, वार्ड 4 गया नगर, वार्ड 35 बजरंग नगर (टीला आंशिक क्षेत्र) । निगम प्रशासन के अनुसार कार्य पूर्ण होने के पश्चात 21 मई से जलप्रदाय सामान्य रूप से प्रारंभ कर दिया जाएगा।

ऑक्सीजोन में जब्त रेत को पुनः शिवनाथ नदी में डाला

राजनांदगांव। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की कड़ी में खनिज विभाग की टीम ने कुछ दिन पूर्व ऑक्सीजोन स्थित शिवनाथ नदी क्षेत्र में अवैध रूप से भण्डारित रेत के विरूद्ध कार्रवाई की गई थी। इस रेत को सरपंच ग्राम पंचायत भंवरमारा, वार्ड क्रमांक 51 हरदी के पार्षद तथा ग्राम प्रमुखों की उपस्थिति में ऑक्सीजोन स्थित शिवनाथ नदी तट में पुनः डाला गया।

खनिज एवं राजस्व विभाग द्वारा कुछ दिन पूर्व ऑक्सीजोन स्थित शिवनाथ नदी क्षेत्र में अवैध रूप से भण्डारित रेत के विरूद्ध कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के दौरान दो ट्रेक्टर-ट्रॉली एवं एक लोडर वाहन जप्त किया गया था। भंवरमारा निवासी अविनाश सोनी द्वारा ऑक्सीजन स्थित शिवनाथ नदी से खनिज रेत का अवैध उत्खनन कर रेत का अवैध भण्डारण किया गया था।

अवैध रूप से भण्डारित लगभग 54 ट्रेक्टर-ट्रॉली रेत को पुनः शिवनाथ नदी में डाला गया, जिससे ऑक्सीजन का प्राकृतिक सौन्दर्य एवं पर्यावरणीय संतुलन बरकरार रखा जा सके। जिला प्रशासन ने कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। साथ ही अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण में संलिप्त. व्यक्तियों के विरूद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पत्नी संग विवाद बना सामाजिक बहिष्कार की वजह

खैरागढ़। जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम शिकारीटोला में एक परिवार के साथ कथित सामाजिक बहिष्कार मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। गांव के कुछ लोगों पर पारिवारिक विवाद में हस्तक्षेप कर दबाव बनाने और परिवार को आर्थिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं।

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक सीजी को शिकायत सौंपकर सुरक्षा और न्याय की मांग की शिकायतकर्ता राजा भैया श्रीवास ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले करीब दो वर्षों से अलग रह रही हैं, तथा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उनके दोनों नाबालिग बेटे फिलहाल उनके साथ रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। पीड़ित के अनुसार 25 अप्रैल 2026 को गांव में एक बैठक बुलाई गई जिसमें उन पर पत्नी को वापस घर लाने का दबाव बनाया गया।

जब उन्होंने कोर्ट में मामला लंबित होने की जानकारी दी तो कथित रूप से कुछ ग्रामीणों ने सामाजिक बहिष्कार की चेतावनी दे दी। राजा भैया श्रीवास का आरोप है कि इसके बाद गांव में उनके खिलाफ माहौल तैयार किया गया और लोगों को उनके पान ठेला व सैलून में जाने से रोका जाने लगा। यही दोनों व्यवसाय उनके परिवार की आय का मुख्य स्रोत हैं। सामाजिक बहिष्कार के कारण उनकी आमदनी प्रभावित हुई है और परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि 4 मई 2026 की रात गांव के एक युवक ने उनके घर में घुसकर गाली गलौज और मारपीट की। शिकायत में कहा गया है कि हमले के दौरान घरेलू सामान से वार किया गया तथा हाथ मुक्कों से भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो होने का दावा भी किया गया है। घटना के बाद थाना ठेलकाडीह में शिकायत दर्ज कराए जाने की बात कही गई है, लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। परिवार ने लगातार मिल रही धमकियों के चलते किसी बड़ी घटना की आशंका जताई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m