दुर्ग। सरकारी स्कूलों के तिमाही परीक्षा का रिजल्ट अपेक्षाकृत कमजोर है। बच्चों के निराशाजनक प्रदर्शन से शिक्षा विभाग की चिंताएं बढ़ गई है। दुर्ग ब्लॉक के स्कूलों की तिमाही परीक्षा परिणाम की समीक्षा बुधवार को जेआरडी स्कूल में जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह द्वारा की गई। कमजोर रिजल्ट का जवाब संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों से लिया गया। कई प्राचार्यों ने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति नहीं होने से परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं आया।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : रायगढ़ और राजनांदगांव के दौरे पर रहेंगे सीएम साय, पटवारियों की हड़ताल से कामकाज ठप, पंचमी पर देवी मंदिरों में उमड़ी भीड़, आज से चार खेलों के स्कूल स्टेट…समेत पढ़ें अन्य खबरें

वहीं कुछ प्राचार्य ने उत्तर पुस्तिकाओं की कड़ाई से जांच जाने का हवाला दिया। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने दो टूक कहा कि उत्तर पुस्तिकाएं सामान्य रूप से जांची जाए, न कि किसी पूर्वाग्रह से। समीक्षा के दौरान पता चला कि दुर्ग ब्लॉक की स्कूलों में तिमाही परीक्षा बारहवीं का औसत रिजल्ट 63% तथा दसवीं का 58% रहा है। दुर्ग ब्लॉक के 20 स्कूलों में दसवीं कक्षा का रिजल्ट 60% से कम आया है। वहीं 12वीं में 28 स्कूलों का रिजल्ट 60% से कम है।

इस बार 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाएं फरवरी माह में होगी। इस वजह से तिमाही परीक्षा के बाद पूरे सिलेबस से अर्धवार्षिक परीक्षा ली जाएगी। कमजोर परीक्षा परिणाम के बारे में दबे स्वर में ये बातें भी सामने उभर कर आई कि स्कूलों में शैक्षणिक कार्यों के अलावा अनावश्यक रूप से कई गतिविधियां की संचालित की जाती है, जिसका पढ़ाई से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं होता। इससे बच्चों का ज्यादा समय भी बर्बाद होता है।

बहरहाल डीईओ ने कमजोर बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें सीमित पाठ्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा लिखने की प्रैक्टिस करने कहा। माध्यमिक शिक्षा मंडल की वेबसाइट पर अपलोड स्टडी मैटेरियल की तैयारी करने जोर दिए गए। समीक्षा के दौरान सहायक संचालक अमित घोष एवं दुर्ग ब्लॉक के प्राचार्य मौजूद थे।

कार सवार युवकों ने विवाद पर बाइक सवार भाइयों को पीटा, आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर। रूआबांधा स्थित छत्तीसगढ़ मार्केट में कार रिवर्स करने के विवाद में तीन युवकों ने बीएसपी कर्मचारी के दो बेटों की लात- घूंसों और डंडों से जमकर पिटाई की। आरोप है कि एक युवक को रस्सी से बांधकर पीटा और मुर्गी काटने का हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इस मॉब लिंचिंग घटना को लेकर साहू समाज ने प्रदर्शन भी किया। मामले में भिलाईनगर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

भिलाईनगर थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि सुदीप कुमार साहू अपने छोटे भाई उत्सव साहू के साथ शनिवार रात मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। रूआबांधा मार्केट के पास सफेद रंग की कार के चालक ने वाहन रिवर्स करते समय उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों भाइयों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कार चालक ने पास की मुर्गी दुकान में काम करने वाले शोहेब खान और नासिर को बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। छोटे भाई को रस्सी से बांधकर पीटने और हथियार दिखाकर जान से मारने के लिए धमकाने का भी आरोप है। हमले में दोनों भाइयों के सिर और शरीर पर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मॉब लिचिंग की घटना में घायल दोनों युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। इधर इसकी सूचना साहू समाज में मिलते ही दूसरे दिन समाज के लोग भिलाई नगर थाना चौकी और घटना स्थल पर पहुंच गए। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी रुआंबाधा बस्ती निवासी नासिर अहमद, सोयेब खान , अशीष नगर मुस्तफा रजा और लक्ष्मी नारायण जोशी को गिरफ्तार किया है।

साइबर ठगी के म्यूल अकाउंट्स नेटवर्क का खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर। सुपेला, खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराने वाले 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन म्यूल खातों के जरिए लाखों रुपये के संदेहास्पद लेन-देन का खुलासा हुआ है।

पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी मात्र 5 से 15 हजार रुपए के कमीशन के लिए अपने बैंक खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और उससे जुड़े सिम कार्ड अन्य व्यक्तियों को सौंप देते थे। साइबर ठग इन खातों का इस्तेमाल आम जनता से ठगे गए पैसों को ट्रांसफर करने और पहचान छुपाने के लिए करते थे। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर दुर्ग पुलिस ने 14 अक्टूबर 2026 को यह कार्रवाई की।

सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत फेडरल और उत्कर्ष बैंक से संबंधित मामलों में 02 आरोपियों शुभम चौधरी (22 वर्ष) और गुरमीत कौर को पकड़ा गया। वहीं खुर्सीपार थाना क्षेत्र में इंडियन बैंक खातों से जुड़े मामले में 5 आरोपियों तरुण नायक (40 वर्ष), निखिल नेताम (22 वर्ष), यसमीत सिंह (22 वर्ष), गौरव साहू (23 वर्ष) और नरगिस को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (2), 318 (3) और 317 (4) के तहत सुपेला और खुर्सीपार में मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और वित्तीय दस्तावेज जब्त किए हैं।

धर्मनगरी में खाद्य प्रतिष्ठानों पर विभाग का छापा

राजनांदगांव। क्वांर नवरात्रि पर्व 2026 के अवसर पर धर्मनगरी डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी के दर्शन हेतु आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा मेला क्षेत्र में सतत एवं सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। कुल 21 प्रतिष्ठानों पर दबिश दी गई है ।

मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा मेला प्रांगण में संचालित कुल 21 खाद्य प्रतिष्ठानों / दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, मिष्ठान्न भंडार, चाट – समोसा ठेला, प्रसाद विक्रय केंद्रों एवं पेय पदार्थ स्टॉलों की जांच की गई तथा खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कड़े निर्देश जारी किए गए।

खाद्य सामग्री का ढंका होना अनिवार्यः चाट, समोसा, जलेबी, मिठाई एवं अन्य खुले खाद्य पदार्थों को पूरी तरह ढंककर अथवा जालीदार शोकेस में ही रखने के निर्देश दिए गए, ताकि धूल, मक्खी एवं कीटों से बचाव हो सके। स्वच्छ पेयजल एवं खाद्य- ग्रेड बर्फ का उपयोग पेय पदार्थों (जूस, लस्सी, शरबत आदि) के निर्माण में केवल पीने योग्य स्वच्छ पानी और खाद्य-ग्रेड बर्फ का ही उपयोग करने की सख्त हिदायत दी गई।

विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मेला अवधि के दौरान खाद्य सुरक्षा दल द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और संदेहास्पद खाद्य सामग्रियों के नमूने भी लिए जा रहे हैं। यदि किसी भी प्रतिष्ठान में दूषित, बासी अथवा अमानक खाद्य सामग्री का विक्रय पाया जाता है, तो संबंधित खाद्य कारोबारी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पटवारियों की हड़ताल से राजस्व कार्य ठप, भौतिक सत्यापन भी प्रभावित

राजनांदगांव। पटवारियों की हड़ताल के चलते राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न कार्य प्रभावित हो रहे हैं। दो दिनों से यही स्थिति देखने को मिल रही है। तहसील कार्यालयों में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। हड़ताल के कारण फसलों का भौतिक सत्यापन का काम भी नहीं हो पा रहा है, जिससे किसनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आय और जाति प्रमाण पत्र बनवाने से लेकर किसान पंजीयन तथा जमीन संबंधी कार्यों तक पर इसका असर देखने को मिल रहा है। इसके साथ-साथ अन्य कार्यों पर भी असर पड़ने लगा है।

राजनांदगांव जिले में भी छत्तीसगढ़ राजस्व संघ के आह्वान पर पटवारी हड़ताल पर चले गए हैं। पटवारी राजस्व व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जमीन के रिकॉर्ड, सीमांकन से जुड़ी प्रक्रिया, भूमि संबंधी रिपोर्ट और विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए आवश्यक सत्यापन में उनकी भूमिका रहती है। ऐसे में उनके हड़ताल पर रहने से संबंधित प्रक्रियाओं में देरी हो रही है। इसका असर विद्यार्थियों, किसानों और जमीन संबंधी काम कराने वाले नागरिकों पर पड़ रहा है। दो दिनों से शहर तथा जिले में यही स्थिति देखने को मिल रही है।

पीवी ऐप की समस्याओं को लेकर आंदोलन

छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 13 अक्टूबर से शुरू हुई है। पटवारी संघ का कहना है कि फसल के भौतिक सत्यापन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे पीवी ऐप में तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतें आ रही हैं। हड़ताल का असर आगामी धान खरीदी की तैयारियों पर भी पड़ने की आशंका है। किसान पंजीयन और फसल सत्यापन में देरी होने से किसानों को परेशानी हो सकती है। वहीं आय और जाति प्रमाण पत्र की जरूरत वाले विद्यार्थियों तथा अन्य आवेदकों को भी इंतजार करना पड़ सकता है।

बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर का सोनोग्राफी केंद्र सील

खैरागढ़। साल्हेवारा स्थित बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर के सोनोग्राफी केंद्र को नियमों के उल्लंघन पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को सीलबंद कर दिया। जांच में अधिकृत रेडियोलॉजिस्ट की अनुपलब्धता और पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत निर्धारित दस्तावेजों में अनियमितताएं सामने आई थी।

प्राप्त शिकायत के आधार पर जिला नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बघेल की टीम ने केंद्र का निरीक्षण किया था। जांच में निर्धारित प्रारूपों को नियमानुसार नहीं भरने तथा सोनोग्राफी रिपोर्टिंग के कुछ दस्तावेजों में अन्य रेडियोलॉजिस्ट के डिजिटल हस्ताक्षर पहले से अंकित पाए गए थे। इस संबंध में केंद्र संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। संचालक के जवाब, जांच प्रतिवेदन और अनियमितताओं पर जिला सलाहकार समिति में विचार-विमर्श के बाद सोनोग्राफी केंद्र को सीलबंद करने का निर्णय लिया गया।

कलेक्टर एवं पीसीपीएनडीटी के समुचित प्राधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश पर संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा, डॉ.मनीष बघेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य संस्थानों में निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

पंचमी भेंट पूजा को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग

डोंगरगढ़। आज होने वाले पारंपरिक पंचमी भेंट पूजा एवं कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी है। इस संबंध में गोंड समाज, मंदिर ट्रस्ट और राजपरिवार के प्रतिनिधियों ने बुधवार को एसडीएम और एसडीओपी को आवेदन सौंपकर मामले की जांच और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

आवेदन में बताया गया है कि पिछले सप्ताह गोंड समाज, मंदिर ट्रस्ट और राजा भवानी बहादुर सिंह के बीच सौहार्दपूर्ण बैठक हुई थी। इसमें पंचमी भेंट पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सभी पक्षों के बीच सहमति बनी थी। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फेसबुक, व्हाट्सएप सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कथित तौर पर भ्रामक और मनगढ़ंत पोस्ट प्रसारित की जा रही हैं।

आवेदन के अनुसार, इन पोस्ट के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की गलत धारणा बनाई जा रही है, जिससे आपसी भ्रम और तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। प्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्र की शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। प्रतिनिधियों ने प्रशासन से सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अकाउंट और समूहों की जांच करने, दोषियों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निगरानी करने की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m