दुर्ग। दाऊ श्री वासुदेव चन्द्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, अंजोरा अंतर्गत प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर सहित अन्य शैक्षणिक स्टॉफ की भर्ती में प्रथम दृष्टया अनियमितता पाई गई है। भर्ती में अनियमितता को लेकर विधायक ललित चंद्राकर सहित अन्य लोगों ने शिकायत की थी।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : सिंगापुर दौरे पर जाएंगे सीएम साय, BJP संगठन महामंत्री आएंगे छत्तीसगढ़, अग्रसेन जयंती महोत्सव का आगाज आज, 6 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द… पढ़ें अन्य खबरें

दाऊ श्री वासुदेव चन्द्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, अंजोरा, दुर्ग में भवनों के निर्माण एवं रखरखाव कार्य तथा शैक्षणिक पदों पर भर्ती में अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के संबंध में प्राप्त शिकायतों का राज्यपाल एवं कुलाधिपति द्वारा संज्ञान लिया गया। विश्वविद्यालय में शैक्षणिक पदों पर भर्ती, नियुक्ति एवं साक्षात्कार संबंधी समस्त प्रक्रिया एवं कार्यवाही को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक स्थगित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील रहेगा। इस आशय का आदेश निधि साहू राज्यपाल के उप सचिव छत्तीसगढ़ द्वारा 1 अक्टूबर को जारी किया गया है।

दाऊ श्री वासुदेव चन्द्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय अधिनियम, 2011 की धारा-52 में निहित प्रावधान अंतर्गत कुलाधिपति द्वारा विश्वविद्यालय अंजोरा के भवनों के निर्माण एवं रखरखाव कार्यों में अनियमितताओं हेतु विश्वविद्यालय में चल रही जांच की प्रगति के निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। विधायक ललित चंद्राकर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा रामविचार नेताम मंत्री पशुधन विकास विभाग को भी मामले से अवगत कराते हुए कहा है कि प्रदेश चूंकि जन जातीय बाहुल्य है।

प्रदेश के सर्व आदिवासी समाज, युवा एवं अन्य लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से इस भर्ती के आरक्षण रोस्टर पर संदेह व्यक्त किया है। उच्च न्यायालय में इस आरक्षण रोस्टर विषय पर याचिका विचाराधीन है । आखिर कुलपति को इतनी हड़बड़ी क्यों है, इसके पीछे कोई मुख्य एजेंडा है क्या ? इतनी जल्दबाजी की वजह भी संदेह के दायरे में आती है। दावा आपत्ति के बाद कम से कम 30 दिवस तो होने चाहिए। ताकि युवाओं को अपने दस्तावेज तैयार करने के लिए समय मिल सकें।

सीएसवीटीयू में दाखिले की प्रक्रिया तेज

भिलाईनगर। अब तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेशित छात्र- छात्राओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन नामांकन फॉर्म भरने, जरूरी दस्तावेज अपलोड करने और प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। वहीं नामांकन के दौरान दस्तावेजों की सही जानकारी देना और निर्धारित औपचारिकताओं का पालन करना जरूरी है।

छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया निर्धारित की है। विद्यार्थी तकनीकी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से नामांकन फॉर्म 5 से 19 अक्टूबर तक ऑनलाइन भर सकते हैं।

जबकि संस्थाओं को 26 अक्टूबर तक नामांकन फार्म को एप्रूवल करना होगा। छात्रों को फॉर्म भरते समय सभी आवश्यक जानकारियां सावधानीपूर्वक दर्ज करनी होंगी तथा संबंधित दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में अपलोड करने होंगे। दस्तावेजों में त्रुटि या अधूरी जानकारी होने पर नामांकन की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

फार्मेसी कॉलेजों के छात्रों को दूसरे संस्थान में जाने का मिलेगा मौका

भिलाईनगर। दुर्ग के फार्मेसी कॉलेज के छात्रों को दूसरे संस्थान में जाने का रास्ता साफ हो गया। फार्मेसी कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों के संस्थान परिवर्तन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

ग्राम चिखली धमधा रोड दुर्ग स्थित एसआर फार्मेसी कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों के संस्थान परिवर्तन को लेकर छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने काउंसिलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया है। डी. फार्मेसी द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 8 अक्टूबर तथा अन्य निर्धारित पात्र विद्याथियों के लिए 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध काउंसिलिंग फॉर्म भरकर निर्धारित प्रक्रिया में शामिल होना होगा।

विद्यार्थियों को समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। काउंसिलिंग के दौरान विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम, उत्तीर्ण- अनुत्तीर्ण स्थिति और बैकलॉग से संबंधित जानकारी भी महत्वपूर्ण होगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को संस्थान परिवर्तन के लिए अपनी प्राथमिकता के अनुसार कॉलेजों का विकल्प देना होगा।

प्राथमिकता के आधार पर चुन सकेंगे कॉले- काउंसिलिंग के लिए जारी आवेदन प्रारूप में विद्यार्थियों से व्यक्तिगत जानकारी, नामांकन क्रमांक, कक्षा, सेमेस्टर और मोबाइल नंबर सहित आवश्यक विवरण मांगे गए हैं। इसके अलावा पिछले सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम और बैकलॉग की स्थिति दर्ज करने के लिए भी अलग-अलग कॉलम बनाए गए हैं। विद्यार्थी अपनी प्राथमिकता के अनुसार विभिन्न कॉलेजों के नाम विकल्प के रूप में भर सकेंगे। इसी आधार पर संस्थान परिवर्तन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना जरूरी

तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने संबंधित विद्यार्थियों को काउंसिलिंग की तिथि और समय का विशेष ध्यान रखने को कहा है। आवेदन प्रारूप में घोषणा पत्र भी शामिल है, जिसमें विद्यार्थियों को दी गई जानकारी की सत्यता और निर्धारित नियमों के पालन के संबंध में घोषणा करनी होगी। काउंसिलिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी और फॉर्म सीएसवीटीयू की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं।

तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति के लिए नई शैक्षणिक योग्यता लागू

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने सेवाकाल के दौरान दिवंगत शासकीय सेवक के आश्रित परिवार को अनुकम्पा नियुक्ति देने के संबंध में 2013 में एकजाई पुनरीक्षित निर्देश जारी किया गया था, इसमें संशोधन हुए हैं।

अब सामान्य प्रशासन विभाग ने सीधी भर्ती से भरे जाने वाले तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के विभिन्न पदों की शैक्षणिक योग्यता का निर्धारण किया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि सहायक ग्रेड-3 अथवा भृत्य आदि के पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति के लिए शैक्षणिक योग्यता वहीं लागू होगी, जो उक्त अधिसूचना निर्धारित की गई है। यह नया निर्देश उन दिवंगत शासकीय सेवकों के प्रकरणों पर लागू होगा, जिनकी मृत्यु 14 सितम्बर 2026 या उसके पश्चात हुई हो।

अंडरब्रिज और नशाखोरी को लेकर गुस्सा, किया चक्काजाम

राजनांदगांव। शहर में खुला नशाखोरी, जर्जर सड़क, स्मार्ट मीटर के नाम पर चल रही मनमानी को लेकर आम जनता का गुस्सा फूट गया। चिखली खैरागढ़ मार्ग में वार्डवासियों ने चक्काजाम कर दिया। बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने वहां एकत्रित होकर जर्जर सड़क और पुलिस पर नशाखोरी और अवैध शराब की बिक्री किए जाने का आरोप लगाया गया। इस दौरान चौक में चक्काजाम के बाद तीन वार्डो के पार्षदों का पुतला भी फूंका गया।

शहर के वार्ड क्रमांक 4, 5 और 6 (देशमुख चौक, चिखली) में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली और अवैध नशे के कारोबार से त्रस्त जनता का गुस्सा शुक्रवार को सड़कों पर फूट पड़ा। स्थानीय नागरिकों ने देशमुख होटल के पास चौक पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान सबसे ज्यादा आक्रोश पुलिस और स्थानीय प्रशासन की ढुलमुल रवैये को लेकर देखने को मिला।

अधूरे अंडरब्रिज से बड़ी आबादी हालाकान

चक्काजाम में बच्चों के साथ ही महिलाएं उपस्थित रही। वार्ड के लोगों ने बताया कि पटरी पार में करीब तेरह वार्ड के लोग निवास करते हैं। रोजाना ओव्हरब्रिज से गुजरना लोगों के लिए कठिन परीक्षा सबित हो रही है। ओव्हरब्रिज से स्कूली बच्चे, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग सफर करते हैं। लेकिन जाम के चलते सभी को परेशानी हो रही है। रेल्वे के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब तक अधूरे अंडरब्रिज का काम पूरा नहीं किया जाना समझ से परे है। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की ।

किराए के भवनों में संचालित हो रहे जिले में सवा सौ आंगनबाड़ी केंद्र

राजनांदगांव। जिले में सवा सौ से अधिक आंगनबाड़ी केन्द्र किराए के भवन में संचालित हो रहे है। इसके एवज में हर साल लाखों रूपए किराए के नाम पर खर्च किए जा रहे हैं। लंबे समय से जिले में खुद का भवन नही बन पाया है। ऐसे में कई जर्जर तो कही टूटे फुटे भवन में आंगनबाड़ी संचालित हो रहे है ।

जानकारी के अनुसार, जिले में 1530 आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित है। जिसमें से 129 से अधिक ग्रामीण इलाको में खुद का भवन नही है। अफसरों की माने तो जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्थायी भवन उपलब्ध कराने की जरूरत लंबे समय से बनी हुई है। आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव जिले में कुल 1530 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनमें से 129 आंगनबाड़ी केंद्र किराए के भवनों में चल रहे हैं।

किराए के भवनों में संचालित केंद्रों के कारण विभाग को हर माह भवन किराए का भुगतान करना पड़ता है। वहीं कई स्थानों पर बच्चों के लिए पर्याप्त जगह, पोषण गतिविधियों और अन्य सुविधाओं की उपलब्धता भी भवन की स्थिति पर निर्भर करती है। ऐसे में किराए के भवनों में चल रहे केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर शासकीय अथवा स्वयं के भवन उपलब्ध कराने की मांग उठ रही है।

खेल गतिविधि के लिए जगह नहीं

जिले में कई ऐसे आंगनबाड़ी है, जहां नौनिहालों को खेल गतिविधियों से जोड़ने पर्याप्त जगह का अभाव है। जबकि केन्द्र में कुपोषित बच्चों का जतन व गर्भवती माताओं का देखरेख के आलावा अन्य गतिविधियां कराई जाती है। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जाता है। हाल के वर्षों में भी आंगनबाड़ी केंद्रों का उपयोग सरकारी योजनाओं के शिविरों और हितग्राही सेवाओं के लिए किया जा रहा है।

ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 36.70 लाख की धोखाधड़ी

डोंगरगढ़। ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं से कुल 82.50 लाख रुपए लेने और 36.70 लाख रुपए वापस नहीं करने के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कैलाश सेठी (37), पिता बिगनेश्वर सेठी, निवासी क्वार्टर नंबर 09, स्टेट-33, सेक्टर-10 तथा वर्तमान निवासी मीनाक्षी नगर, चंद्राकर भवन के पास, दुर्ग के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पहली शिकायत डोंगरगढ़ के वार्ड क्रमांक 21, रेस्ट हाउस निवासी प्रतिमा पाल (45) ने दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने अपनी ‘प्योर ट्रेडिंग’ नामक कंपनी में पैसा निवेश करने पर अच्छा मुनाफा होने का विश्वास दिलाया। इसके बाद 30 मई 2023 से 4 मई 2025 के बीच ऑनलाइन और नगद माध्यम से प्रतिमा पाल से कुल 27.50 लाख रुपए लिए गए। इनमें से करीब 19 लाख रुपए वापस किए गए, जबकि 8.50 लाख रुपए वापस नहीं किए गए।

इसी तरह न्यू सब्जी मंडी, बीओ ऑफिस के पास, गोलबाजार डोंगरगढ़ निवासी नमिता चौबे (42) ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उनके अनुसार आरोपी ने ट्रेडिंग कंपनी में निवेश पर लाभ का भरोसा दिलाकर 7 फरवरी 2023 से 7 मई 2025 के बीच ऑनलाइन और नगद माध्यम से कुल 55 लाख रुपए लिए। इसमें से करीब 26.80 लाख रुपए वापस किए गए, जबकि 28.20 लाख रुपए वापस नहीं किए गए।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश पर अधिक लाभ कमाने का प्रलोभन देकर राशि लेने के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 1 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

दो महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता निलंबित

राजनांदगांव। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने शिकायत के आधार पर गठित जांच समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन एवं साक्ष्यों के आधार पर दो महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबन किया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।

सुशासन तिहार में प्राप्त पत्र एवं खण्ड चिकित्सा अधिकारी घुमका के प्राप्त पत्रानुसार रूखमणी साहू, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला, आयुष्मान आरोग्य मंदिर अचानकपुर, भाठापारा को मरीजों को अंग्रेजी दवाई के स्थान पर हर्बल दवाई खरीदने हेतु विवश एवं प्रेरित करने के आरोप में गठित जांच समिति द्वारा संलिप्त पाये जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबन किया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगढ़ में किया गया है, साथ ही सक्षम अधिकारी के पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय न छोड़ने एवं

इसी तरह भेड़ीकला ग्राम वासियों ने एएनएम योगेश्वरी साहु, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, आयुष्मान आरोग्य मंदिर भेड़ीकला द्वारा मरीजों को प्राइवेट सोनोग्राफी के लिए पर्ची देने के शिकायत के आधार पर गठित जांच समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन एवं साक्ष्यों के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबन किया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरिया में किया गया है, साथ ही सक्षम अधिकारी के पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय न छोड़ने एवं निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m