भिलाईनगर। जामुल थाना अंतर्गत एक कबाड़ी गोदाम में पुलिस की दबिश में बड़ी मात्रा में लोहे के कटे हुए टुकड़े समेत अन्य सामान मिले हैं। इनमें रेल पटरी के ऐसे हिस्से भी शामिल हैं, जिन पर सेल लिखा हुआ है। मौके से संचालक फरार है। पुलिस सामानों का आंकलन कर रही है। वहीं दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोदाम सुरेश कुमार का बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: CG Morning News : RPF का 42वां स्थापना दिवस समारोह आज… कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ के नेता होंगे शामिल… रायपुर आएगी जिम्बाब्वे टीम… पढ़ें और भी खबरें

क्राइम डीएसपी यदुमणि सिदार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम छावनी स्थित पांडेय कबाड़ी के गोदाम जामुल पुलिस की टीम के साथ दबिश दी। वहां बड़ी मात्रा में लोहा मिला है। इनमें रेल पटरी के कटे हुए टुकड़े शामिल हैं। बरामद सामग्री का वीडियो तैयार किया गया है, ताकि जांच के दौरान उसका मिलान और पहचान की जा सके।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लोहा कहां से लाया गया था और उसे किस उद्देश्य से रखा गया था। पटरी पर सेल लिखा होने के कारण इसके स्रोत को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं पुलिस स्थानीय स्तर पर यह आशंका जताई जा रही है कि संयंत्र से रेल पटरी निकलने के बाद उसे ट्रक के जरिए गोदाम तक लाया जाता था। इसके बाद पटरी के छोटे-छोटे हिस्से काटकर अलग रखे जाते थे।

हालांकि, इस तरीके से लोहा लाए जाने की बात की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि बरामद सामग्री कब और किस वाहन से गोदाम तक पहुंची। पुलिस अब परिवहन से जुड़े तथ्यों, कर्मचारियों के बयान और बरामद स्क्रैप की पहचान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लोहा कहां से निकला, उसे किन लोगों ने पहुंचाया और इस पूरे मामले में किनकी भूमिका रही है।

वहीं बीएसपी से कथित लोहा चोरी का मुद्दा पहले भी उठता रहा है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की थी। विधायक की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की स्वीकृति दी है और इस संबंध में राजपत्र में अधिसूचना भी प्रकाशित हुई है।

इस मामले में विधायक की टीम को छावनी क्षेत्र के कबाड़ी गोदाम में लोहा काटे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और पुलिस को जानकारी दी गई। विधायक ने सीआईएसएफ के डीआईजी और दुर्ग एसपी से चर्चा कर कथित लोहा चोरी रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार तय हुई शिक्षकों के सम्मान की तिथि

दुर्ग। लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार उत्कृष्ट शिक्षकों के सम्मान की तिथि तय की गई है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के मुख्य आतिथ्य में शिक्षक सम्मान समारोह 13 अक्टूबर को खालसा पब्लिक स्कूल में दोपहर 12 बजे से रखा गया है।

सम्मान समारोह में दुर्ग संभाग के अलावा दुर्ग जिले के उत्कृष्ट शिक्षक भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण योजना के तहत विकासखंड, जिला तथा संभाग स्तर पर उत्कृष्ट शिक्षकों को चयन किया जा चुका है। अफसोस इस बात का है कि एक माह से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी इन शिक्षकों को अब तक पुरस्कृत नहीं किया जा सका है।

दरअसल, मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण योजना के तहत प्रति वर्ष शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को विकासखंड, जिला तथा संभाग स्तर पर उत्कृष्ट शिक्षकों को पुरस्कृत किए जाने का प्रावधान रहा है। विकासखंड स्तर पर शिक्षादूत, जिला स्तर पर ज्ञानदीप तथा संभाग स्तर पर शिक्षाश्री पुरस्कार से शिक्षकों को नवाजा जाता है। विकासखंड स्तर पर शिक्षादूत पुरस्कार के लिए 9 सहायक शिक्षक, ज्ञानदीप के लिए पूर्व माध्यमिक शाला के 3 शिक्षक तथा संभाग स्तर पर 3 व्याख्याता को शिक्षाश्री सम्मान दिया जाना है। इसके लिए उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन भी हो ‘चुका है।

सम्मान समारोह में शिक्षादूत पुरस्कार के लिए प्रत्येक शिक्षकों को 5000 रूपये, ज्ञानदीप पर 7000 रुपए तथा शिक्षाश्री पुरस्कार के लिए 10000 रुपए एवं प्रशस्ति पत्र, शील्ड प्रदान किया जाएगा। ज्ञानदीप पुरस्कार के लिए श्रीमती स्वाति प्रसाद शिक्षक (एल.बी) शास. पू.मा.शा टेमरी दुर्ग, राकेश हरमुख शिक्षक (ई) शास. पू. मा.शा तुमाकला धमधा तथा मुकेश कुमार वर्मा शिक्षक (एल.बी) शास.पू.मा.शा. अमेरी पाटन के नामों की घोषणा की गई है।

शिक्षादूत पुरस्कार के लिए दुर्ग ब्लॉक से रजनीकांत भारद्वाज करहीडीह, टोमन लाल साहू बोरसीभाठा तथा चित्रा इंगले बिरेझरभाठा, पाटन ब्लॉक से टिकेश्वरी वर्मा अमेरी, दिलीप कुमार शुक्ला कुगदा तथा कमल सिंह साहू मोरिद, धमधा ब्लॉक से चदूलाल साहू नवीन सेमरिया, श्रीमती सपना दुबे रामपुर तथा कुंवर सिंह खिलौरा का चयन किया गया है।

60 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी ही दे सकेंगे कैंपस इंटरव्यू

भिलाईनगर। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने से पहले ही नौकरी पाने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई परिसर में 29 अक्टूबर को जेनस ग्रुप की ओर से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएगी।

इसमें वर्ष 2027 बैच के पात्र विद्यार्थियों को रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। इस कैंपस ड्राइव में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई), एमसीए, बीसीए, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (ईई), इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (ईईई), सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन (ईसीई) तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन (ईटीसी) शाखाओं के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।

चयन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी ही पर्सनल इंटरव्यू (पीआई) के लिए पात्र होंगे। कैंपस प्लेसमेंट में शामिल होने के इच्छुक पात्र विद्यार्थियों को 18 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

दिव्यांग बच्चों का आकलन करने दुर्ग में लगाया गया शिविर

दुर्ग। स्कूलों में पढ़ाई कर रहे दिव्यांग बच्चों को सुविधा मुहैया कराने समय- समय आंकलन शिविर लगाया जाता है। इसी कड़ी में विकासखण्ड दुर्ग शहर तथा धमधा द्वारा संयुक्त रूप से दिव्यांग बच्चों का आकलन शिविर यूआरसीसी कार्यालय दुर्ग में लगाया गया।

जिला परियोजना समन्वयक विनोद कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में लगी शिविर में 0 से 18 वर्ष के कुल 104 दिव्यांग बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें से तत्काल 11 बच्चों का यूडीआईडी कार्ड (पहचान पत्र ) बनाने हेतु प्रमाणीकरण किया गया। वैसे दिव्यांगता 40% होने पर ही यूडीआईडी कार्ड बनता है। वहीं दिव्यांगता की श्रेणी में कुल 21 अलग अलग प्रकार की बाधिता को रखा गया है। निःशुल्क जांच के साथ चश्मा तथा आवश्यकतानुसार दवाई प्रदान की गई।

विकासखंड स्तरीय दिव्यांग आकलन शिविर एपीसी इंद्र कुमार रामटेके एवं यूआरसी नेम सिंह साहू के नेतृत्व में धमधा एवं दुर्ग विकासखंड के दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए लगाई गई। इसमें अस्थि बाधित, श्रवण बाधित, बौद्धिक निशक्तता, अल्प दृष्टि आदि बच्चों का आकलन किया गया। जिला अस्पताल से आए हुए विशेषज्ञ टीम में नाक, कान एवं गला विशेषज्ञ रेणु तिवारी, शिशु रोग विशेषज्ञ मोहित कुमार सोनी, अस्थि रोग विशेषज्ञ अनुरंजन टोप्पो, नेत्र सहायक अधिकारी मोहित राम पटेल तथा एलिमको कृत्रिम अंग निर्माण की टीम ने बच्चों की जांच की।

व्यापारियों को लीज नवीनीकरण की दर 25 प्रतिशत पर पुनर्विचार का मिला आश्वासन

भिलाईनगर। सेल बोर्ड की नई गाइड लाइन लीज नवीनीकरण के लिए आई जिसमें सामाजिक, धार्मिक, व शैक्षिणिक संस्थाओं को पूर्व में 10% बाजार मूल्य लग रहा था वह अब 1 रु. प्रति वर्गफीट की दर से लगेगा। इसके लिए सांसद विजय बघेल व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय ने पहल की थी। इस पर जैन भवन सेक्टर 6 में उनका टाउनशिप की सामाजिक धार्मिक व शैक्षणिक संस्थाओं ने संयुक्त रूप से सम्मान किया।

ज्ञात हो कि भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा लंबे समय से लीज नवीनीकरण के लिए दरों को संशोधित किए जाने की मांग की जा रही थी। दोनों नेताओं के संयुक्त प्रयास से लीज नवीनीकरण की दर में राहत मिली। भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने स्वागत भाषण में दोनों नेताओं को धन्यवाद दिया जिनके अथक प्रयास से समस्या का निराकरण हो सका।

टिकरापारा में उच्च स्तरीय पुल की मांग को लेकर दो घंटे चक्काजाम

खैरागढ़। नगर के टिकरापारा स्थित मोतिनाला की संकरी पुलिया एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। रविवार शाम ग्राम अकरजन से लौट रहे दो युवक मोटर साइकिल समेत पुलिया से नीचे नदी में जा गिरे। गनीमत रही कि दोनों युवकों को तैरना आता था जिससे उन्होंने किसी तरह नदी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में मोटरसाइकिल नदी में डूब गई।

घटना के बाद राहगीरों की मदद से दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। सिर और चेहरे में चोट तथा उपचार के बाद चंपा यादव (36) पिता मनोहर यादव निवासी ग्राम भूलाटोला की हालत स्थिर बताई गई। हादसे से आक्रोशित टिकरापारा के वार्डवासियों ने स्थानीय सामाजिक कार्यकर्त्ता राजू यदु की अगुआई में उच्चस्तरीय पुल निर्माण की मांग को लेकर पुलिया पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण यहाँ आवागमन प्रभावित रहा।

हादसे के बाद फूटा वार्डवासियों का आक्रोश

टिकरापारा की रियासत कालीन पुलिया पर दुर्घटना कोई नई बात नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, संकरी पुलिया और पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के अभाव में यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। 12 चक्का ट्रक, कार और अन्य दो पहिया तथा चार पहिया वाहनों के पलटने की घटनाएं भी यहाँ अनवरत होती रही हैं। इसके बावजूद वर्षों से की जा रही उच्चस्तरीय पुल निर्माण की मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है।

रविवार को दो युवकों के नदी में गिरने की घटना ने एक बार फिर लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया। वार्डवासियों ने मौके पर चक्काजाम कर प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई और पुल निर्माण की दिशा में तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की। चक्काजाम की सूचना मिलने पर खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा और वाहनों की कतारें लग गईं। बाद में तहसीलदार नेहा ध्रुव और टीआई अनिल शर्मा ने प्रदर्शन कर रहे वार्डवासियों से चर्चा की। उन्होंने उच्च अधिकारियों से बात कर पुल निर्माण जल्द शुरू कराने की बात कही और लोगों को समझाइश दी। इसके बाद वार्डवासियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

पहले दिन मां बम्लेश्वरी दरबार में उमड़ा सैलाब 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

डोंगरगढ़। क्वांर नवरात्रि के पहले दिन रविवार को मां बम्लेश्वरी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर के पट खुलते ही दर्शन के लिए कतारें लग गईं। ट्रस्ट समिति से मिली जानकारी के अनुसार, पहले ही दिन 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। रविवार का अवकाश होने के कारण शनिवार रात से ही बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मां के जयकारों से मंदिर परिसर दिनभर गूंजता रहा।

नवरात्रि के पहले दिन ऊपर स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में देर शाम 8261 और नीचे मंदिर में 901 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए। वहीं, शीतला माता मंदिर में 63 तथा छिन्नमस्ता मंदिर में 11 ज्योति कलश रात तक श्रद्धालुओं और सेवादारों द्वारा प्रज्वलित किए गए। ज्योति कलश स्थापना के साथ ही मंदिरों में नवरात्रि का धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गया।

सीढ़ियों और रोपवे से पहुंचे श्रद्धालु

पहले ही दिन माता के दर्शन के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भक्त डोंगरगढ़ पहुंचे। कई श्रद्धालुओं ने पदयात्रा कर दरबार में हाजिरी लगाई, वहीं ऊपर मंदिर तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों और रोपवे का सहारा लिया। रोपवे में भी श्रद्धालुओं की भीड़ काफी ज्यादा होने के कारण लोगों को घंटों अपने टिकट के लिए इंतजार करना पड़ा। नीचे स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में भी दिनभर भक्तों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

मीना बाजार का उद्घाटन नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ के साथ मेला क्षेत्र में भी रौनक बढ़ गई। जानकारी के अनुसार, मीना बाजार का उद्घाटन गजेंद्र यादव द्वारा किया गया। मेले में पहुंच रहे लोगों के कारण दुकानों और मनोरंजन स्थलों में भी चहल-पहल देखने को मिली।

सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात

नवरात्रि के पहले दिन उमड़ी भीड़ को देखते हुए मंदिर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रखने और दर्शन के दौरान असुविधा से बचाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से डोंगरगढ़ में नवरात्रि मेले की रौनक दिखाई देने लगी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m