भिलाईनगर। शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे से शुरु हुई तेज बारिश के चलते शहर के कुछ हिस्सों में घरों के अंदर भी पानी भर गया। ट्विनसिटी में बिजली गुल रही। अंधेरा छा गया। सेक्टर 9 हास्पिटल में भी दो बार ब्लैक आउट हो गया। यहां तक कि रेडियोलॉजी विभाग में पानी भी भर गया।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे सीएम साय, मुख्यमंत्री निवास में होगा तीजा-पोला का भव्य कार्यक्रम, कॉलेजों में एडमिशन की तारीख बढ़ी, 10 ट्रेनें कैंसिल…पढ़ें अन्य खबरें

शाम हुई तेज बारिश ने शहर में खासा कहर बरपाया । इतनी तेज बारिश हुई कि नालियाँ उफनने लगी। नालियों का पानी शहर की सड़कों पर बहने लगा। चौक चौराहों में पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। अंधेरे ने परेशानी और बढ़ा दी। इधर चंद्रा- मौर्या अंडरब्रिज तथा प्रियदर्शनी परिसर स्थित अंडरब्रिज में भी पानी भर जाने से लोग परेशान रहे।

हुडको सहित कई क्षेत्रों में घरों में पानी भर गया । हुडको के श्री राम चौक के पास एमआईजी 1- 928, 887, 885, 888 में सीवरेज का पानी घुस गया। लोगों ने राहत पाने के लिए निगम प्रशासन को फोन लगाया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।

सेक्टर 9 हास्पिटल में दो बार ब्लेक आउट

बीएसपी के सेक्टर 9 हास्पिटल में शुक्रवार को दो बार ब्लैक आउट की नौबत आ गई। दोपहर में करीब 11.15 बजे लाइट गुल हो गई। करीब पौन घंटे बाद आई। इसके बाद रात करीब 8.15 बजे पूरे सेक्टर 9 हास्पिटल में अंधेरा छा गया। कम से कम पूरे 20 मिनट तक हास्पिटल के मरीज परेशान रहे और स्टाफ भी। गनीमत है कि आईसीयू में लाइन थी। पता चला है कि पंथी चौक के पास केबल कटने से यह दिक्कत आई है।

नहर पार में 950 से ज्यादा अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी

भिलाईनगर। नंदिनी रोड से लेकर रानी अवंती बाई चौक कोहका तक नहर पर सड़क बनाने के द्वितीय फेस के लिए हुए सर्वे में लगभग 950 से ज्यादा लोगों प्रभावित होंगे।

नंदिनी रोड पावर हाउस से सुपेला गदा चौक होते हुए रानी अवंती बाई चौक कोहका तक नहर के दोनों ओर अतिक्रमण दुकान एवं मकान के सर्वे के दौरान 950 से ज्यादा अतिक्रमण पाए गए है। इन अतिक्रमणधारी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए मकान देने भिलाई नगर निगम के प्रधानमंत्री आवास योजना विभाग द्वारा अंतिम नोटिस दी गई है। 15 अक्टूबर तक प्रभावित को मकान में व्यवस्थापित कराना है।

भिलाई नगर निगम ने प्रभावितों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिए जाने जोन 3 में 421 लोगों को अंतिम नोटिस दी गई है, वहीं वैशाली नगर में लगभग 400 लोगों को नोटिस देने की तैयारी है। जोन 1 नेहरू नगर में लगभग 189 अतिक्रमण की चपेट में आएंगे। कुछ को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान भी दिया गया है, कुछ को फिर एक बार नोटिस दी जा रही है, ताकि वे प्रधानमंत्री आवास के तहत मकान लेकर उक्त क्षेत्र को छोड़ दें।

फिर एक बार खुर्सीपार क्षेत्र में हुए नहर मुक्त करने का अभियान भिलाई में दूसरे फेस में देखने को मिलेगा । इस परियोजना के लिए लगभग 72 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें से 64 करोड़ की स्वीकृति मिल चुकी है। यह केनाल रोड क्षेत्र के यातायात, शहरी विस्तार और आर्थिक गतिविधियों को गति देगी तथा हाइवे पर वाहनों का दबाव कम करेगी।

बीएसपी में ड्यूटी से भागने वाले कार्मिकों की होगी शिनाख्त !

भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र में सुरक्षा एवं प्रवेश प्रबंधन व्यवस्था को तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की दिशा में सेजेस (स्मार्ट एक्सेस एंड गेट एंट्री सिस्टम) परियोजना का शुभारंभ किया गया। इसे सुरक्षा के नाम पर लगाया गया है लेकिन इससे ड्यूटी टाइम में संयंत्र से बाहर जाने वाले यानी भगोड़े कार्मिकों की शिनाख्त करना आसान होगा। संयंत्र के सभी 12 गेटों में यह सिस्टम लगेगा।

बीएसपी प्रबंधन का कहना है कि इस स्मार्ट गेट प्रवेश प्रणाली का उद्देश्य अनधिकृत प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ संयंत्र के कर्मचारियों, अधिकारियों एवं अन्य अधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश एवं निकास को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित, सुगम एवं दक्ष बनाना है। सेजेस परियोजना के अंतर्गत संयंत्र के सभी 12 प्रवेश द्वारों पर आरएफआईडी आधारित स्मार्ट गेट पास प्रणाली लागू की जाएगी।

यह आधुनिक प्रणाली वतर्मान गेट पास व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुगम एवं तकनीक सक्षम बनाने में सहायक होगी तथा प्रवेश प्रक्रिया में पहचान एवं सत्यापन को अधिक सरल और सहज बनाएगी। इससे कार्मिकों एवं अन्य अधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाते हुए गेट प्रबंधन की कार्यप्रणाली को और अधिक दक्ष बनाया जा सकेगा।

आरएफआईडी एवं फेस- रिकग्निशन आधारित यह प्रणाली प्रवेश के समय पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के साथ-साथ संयंत्र के विभिन्न प्रवेश द्वारों से होने वाली आवाजाही की निगरानी एवं ट्रैकिंग को भी बेहतर बनाएगी।

खटाल संचालक को गंदगी फैलाने पर नोटिस

दुर्ग। महापौर अलका बाघमार ने वार्ड 13 एवं 25 के निरीक्षण के दौरान खटाल संचालक गंदगी फैलाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उसे नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नोटिस के बाद भी आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई की जाए।

निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को महापौर अलका बाघमार एवं आयुक्त लीना कोसम ने वार्ड 13 एवं 25 में आईएएम चौक से अग्रसेन चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर पीडब्ल्यूडी, दुर्ग द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की प्रगति एवं मौके पर आ रही समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

भाजपा 17 को जलाएगी एक लाख दीप

भिलाईनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर शाम 7 बजे बैकुंठधाम में एक लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। एक लाख दीपों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा, समर्पण एवं सेवा संकल्प को नमन किया जाएगा। भाजपा जिला भिलाई की संगठनात्मक बैठक में अभियान पर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि इसके माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस व्यापक अभियान को सफल बनाने के लिए संगठन के प्रत्येक स्तर पर प्रभावी समन्वय आवश्यक है।

मोहला-मानपुर में फल-फूल रहा साहूकारी का धंधा, शिकायतों पर हो रही जांच…

मोहला। पांचवीं अनुसूची क्षेत्र मोहला-मानपुर- अंबागढ़ चौकी जिले में कथित ऊंची ब्याज दर पर निजी तौर पर कर्ज देने का मामला सामने आने के बाद साहूकारी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) मोहला के समक्ष दिए गए दो अलग-अलग आवेदनों में कर्जदारों ने एक महिला साहूकार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए जांच और राहत की मांग की है।

शिकायतों में मोहला निवासी कल्पना गुप्ता, पति प्रतीक गुप्ता, गुप्ता दुकान, फव्वारा चौक का उल्लेख किया गया है। आवेदकों का आरोप है कि जरूरतमंद लोगों को निजी तौर पर रकम देकर उनसे ऊंची ब्याज दर वसूली जा रही है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक ब्याज की राशि चुकाने के बाद भी मूलधन समाप्त नहीं हो रहा है और कर्जदार लगातार आर्थिक दबाव में हैं।

20 हजार के कर्ज पर हर सप्ताह 1 हजार ब्याज का आरोप

पहले आवेदन में मोहला निवासी एक महिला ने बताया कि वह कपड़े का व्यवसाय करती हैं। आवेदन के अनुसार करीब एक वर्ष पहले दुकान के लिए सामान खरीदने के उद्देश्य से उन्होंने 20 हजार रुपए उधार लिए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस रकम पर हर सप्ताह 1 हजार रुपए ब्याज तय किया गया था।

आवेदिका का दावा है। कि लगातार ब्याज चुकाने के बावजूद कर्ज का हिसाब समाप्त नहीं हुआ। वर्तमान में मूलधन और ब्याज के नाम पर करीब 50 हजार रुपए की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह मूलधन से अधिक राशि ब्याज के रूप में चुका चुकी हैं। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि रकम देने से पहले कोरे स्टाम्प पेपर और कोरे चेक पर हस्ताक्षर कराए जाते हैं।

10 हजार पर 500 रुपए साप्ताहिक ब्याज का दावा

दूसरे आवेदन में भी इसी तरह की शिकायत सामने आई है। आवेदक के अनुसार, आवश्यकता के समय 10 हजार रुपए उधार लिए गए थे और इस रकम पर हर सप्ताह 500 रुपए ब्याज लिया जा रहा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि लगातार ब्याज देने के बावजूद कर्ज समाप्त नहीं हुआ। आवेदन में स्कूटी की आरसी को गिरवी रखे जाने का भी उल्लेख है। आवेदक ने पूरे लेन-देन की जांच कर राहत दिलाने की मांग की है।

गणेशोत्सव समितियों को मिलेगा अस्थाई बिजली कनेक्शन

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता एचके मेश्राम ने राजनांदगांव, मोहला मानपुर- अम्बागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एवं कबीरधाम जिले के फील्ड अधिकारियों को गणेश उत्सव समितियों के पंडालों के लिये त्वरित अस्थाई विद्युत कनेक्शन प्रदाय करने के निर्देश प्रसारित किये हैं।

एचके मेश्राम ने बताया कि गणेष उत्सव सहित विभिन्न धार्मिक उत्सवों एवं आयोजनों पर लगने वाले पंडालो की सजावट, चलित झांकियों एवं मेलों के लिये अस्थाई विद्युत कनेक्शन प्रदान करने की पहल विद्युत विभाग द्वारा किया जा रहा है। श्री पटेल ने राजनांदगांव, डोंगरगांव, मोहला, डोंगरगढ, खैरागढ, कवर्धा एवं पंडरिया संभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पंडालों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये है।

विद्युत कंपनी के मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम ने राजनांदगांव क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले चार जिलों के आमजनों एवं गणेश उत्सव समितियों के संचालकों से अपील करते हुए कहा है कि सभी धार्मिक उत्सव एवं आयोजनों में लगने वाले पूजा पंडालों एवं मेलों के लिये विद्युत वितरण केन्द्रों की अनुमति से अस्थाई वैध कनेक्शन ही प्राप्त करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m