सोहराब आलम/ मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत परतापुर गांव में अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक सनसनीखेज डकैती की घटना को अंजाम दिया है। इस वारदात के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने पुलिस गश्ती दल को खुली चुनौती देते हुए लगभग 45 मिनट तक एक घर में आतंक का माहौल बनाए रखा। अपराधियों ने घर के सदस्यों को बंधक बनाकर कुल 30 लाख रुपये कीमती नगदी और जेवरात लूट लिए जिससे पूरे इलाके में भारी दहशत और सनसनी फैल गई है।
सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुए नकाबपोश बदमाश
मिली जानकारी के अनुसार घटना की रात 7 से 8 की संख्या में हथियारबंद और नकाबपोश बदमाश सुनियोजित तरीके से सीढ़ी के सहारे परतापुर गांव स्थित पीड़ित परिवार के घर की छत पर चढ़ गए और अंदर दाखिल हुए। घर के भीतर घुसते ही बदमाशों ने सबसे पहले बरामदे में सो रहे बिकाऊ राउत पर लोहे की रॉड से निर्ममता से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने घर के मालिक हीरा चंद्र मिश्रा, उनकी पत्नी और उनकी बुजुर्ग मां को अपने कब्जे में लेते हुए बंधक बना लिया।



45 मिनट तक मचाया तांडव, अलमारियां और पलंग तोड़े
घर के सदस्यों को बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने इत्मीनान से पूरे घर की तलाशी लेनी शुरू की। करीब 45 मिनट तक चले इस खौफनाक तांडव के दौरान डकैतों ने आतंक फैलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने घर की अलमारियों और पलंगों को बुरी तरह तोड़फोड़ डाला। डकैतों ने घर में रखे करीब 5 लाख रुपये नकद और लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के कीमती जेवरात अपने कब्जे में ले लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आसानी से मौके से फरार होने में सफल रहे।
दहशत फैलाने के लिए की हवाई फायरिंग और तोड़े मोबाइल
अपराधियों ने जाते-जाते इलाके में भय का माहौल पैदा करने के उद्देश्य से कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। इसके अलावा, पुलिस या किसी अन्य को तुरंत सूचना न मिल सके और डिजिटल सबूत पूरी तरह से मिटाए जा सकें, इसलिए बदमाशों ने घर में मौजूद सभी सदस्यों के मोबाइल फोन छीनकर तोड़ डाले। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि सभी डकैतों ने एक जैसी पोशाक पहन रखी थी, जिसमें वे खाकी रंग के हाफ पैंट और सफेद रंग की टी-शर्ट पहने हुए थे। बातचीत के दौरान वे हिंदी और भोजपुरी मिश्रित भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि वे स्थानीय या आसपास के पेशेवर अपराधी हो सकते हैं।
पुलिस प्रशासन में हड़कंप, डीएसपी ने संभाली कमान
इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की गहनता से छानबीन शुरू की। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है और उससे गुप्त स्थान पर लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


