रणधीर परमार, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के घुवारा क्षेत्र से शिक्षा व्यवस्था को ताक पर रखने और शर्मसार करने वाली एक गंभीर खबर सामने आई है। यहां बमनौर संकुल अंतर्गत आने वाली शासकीय माध्यमिक शाला हैदराबाद में पदस्थ एक शिक्षक पर नाबालिग छात्रों से शराब मंगवाने का बेहद संगीन आरोप लगा है। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचने का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी शिक्षक भगवानदास अहिरवार अक्सर शराब के नशे में धुत्त होकर स्कूल आते हैं। आरोप है कि शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनसे अपनी शराब की व्यवस्था करवाते हैं और नाबालिग छात्रों को शराब लाने के लिए भेजते हैं। वायरल हो रहा वीडियो करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसने सामने आते ही क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।
एमपी वालों हो जाओ सावधान! सिवनी-मंडला और बालाघाट में अति भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने की ये अपील
शराब ठेके पर भी उठे सवाल, परिजनों में आक्रोश
इस हरकत के बाद से ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि स्कूल के समीप स्थित शराब ठेके से नाबालिग बच्चों को धड़ल्ले से शराब उपलब्ध कराई जा रही है, जो कि नियम विरुद्ध है। गुस्साए परिजनों ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


