अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में शनिवार को पटाखा फैक्ट्री में धमाके के बाद आग लग गई. आग के बीच हुए तेज धमाकों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसा रामोल से गतराड जाने वाले रास्ते पर महमूदपुरा टैलेंट के पास हुआ. इसमें आठ लोगों की मौत हो गई है, वहीं 15 से अधिक लोग जख्मी हुए हैं. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और फैक्ट्री में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आज दोपहर शहर के वस्त्रा क्षेत्र में रामोल-गतराद रोड पर स्थित महमूदपुरा टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री में अज्ञात कारणों से आग लग गई.
हादसे के पास में ही रैपिड एक्शन फोर्स RAF का कैंप है. धमाके की आवाज सुनते ही RAF जवान तुरंत घटनास्थल पहुंचे और लोगों का रेस्क्यू किया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. महमूदपुरा में मेहुल डोडिया नामक एक व्यक्ति ने पटाखा फैक्ट्री चला रखी थी शनिवार दोपहर उसमें अचानक आग लगी जोरदार धमाका हुआ.
स्थानीय लोगों के मुताबिक आग लगने के कुछ ही देर बाद फैक्ट्री के भीतर लगातार धमाकों की आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 लोग काम कर रहे थे.

पटाखों का कारखाना होने के कारण आग ने तेजी से भयंकर रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया. घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी.
आग की भयावहता को देखते हुए ऐसा अंदेशा लगाया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. महापौर हितेश बारोट ने बताया कि फैक्ट्री झोपड़ी जैसी जगह पर चल रही थी इसके कारण आग लगी.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

