करनाल। जिले के मेरठ रोड पर स्थित नगला फार्म पुल के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। यहां बिजली के खंभे में अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से 20 भैंसों और एक कटड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने आसपास के इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

बिजली के खंभे में अचानक करंट फैला
मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब के रहने वाले कुछ चरवाहे अपने पशुओं के झुंड के साथ मेरठ रोड से होकर गुजर रहे थे। जब वे नगला फार्म पुल के नीचे पहुंचे, तो वहां लगे बिजली के खंभे में अचानक करंट फैल गया। वहां से गुजर रहे पशुओं को कुछ समझ आता, इससे पहले ही वे करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते पशु जमीन पर गिरने लगे और पल भर में ही 21 मवेशियों ने दम तोड़ दिया।
भागकर बचायी जान
हादसे को अपनी आंखों के सामने होता देख चरवाहे बुरी तरह सहम गए। किसी तरह उन्होंने भागकर अपनी जान तो बचा ली, लेकिन वे अपने पशुओं को मौत के मुंह से नहीं निकाल सके। यह न केवल एक दर्दनाक हादसा है, बल्कि गरीब चरवाहों के लिए भारी आर्थिक नुकसान भी है, क्योंकि उनकी पूरी जमा-पूंजी इन्हीं पशुओं में लगी थी।
मौके पर भीड़ जमा
घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि खंभे में करंट कैसे और क्यों फैला। इसके लिए बिजली विभाग से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जा सके। इलाके में सुरक्षा के इंतजामों पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे क्षेत्र की जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
