लन मस्क की कंपनी SpaceX ने नया रिकॉर्ड गढ़ दिया है. कंपनी ने दुनिया के सबसे बड़े रॉकेट स्टारशिप (Starship) के तीसरे वर्जन (V3) का सफल परीक्षण कर लिया. इसे देखकर अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा भी गदगद है. NASA ने इसे ‘चांद के एक कदम और करीब, मंगल के भी एक कदम और करीब’ बताया. हालांकि रॉकेट को समुद्र में उतारा गया जहां वह एक जोरदार धमाके से फट गया. शनिवार को हुए फ्लाइट-12 टेस्ट के बाद NASA के बड़े अधिकारियों ने इसे अंतरिक्ष मिशनों के लिए बड़ी सफलता बताया. NASA एडमिनिस्ट्रेटर जैरेड आइजैकमैन ने लॉन्च की तस्वीरें शेयर करते हुए इसे अमेरिका के अंतरिक्ष मिशन के लिए बड़ा कदम कहा.

बता दें कि, स्टारशिप सीरीज के पहले भी कई लॉन्च हो चुके हैं, लेकिन इस तीसरी पीढ़ी (V3) के अपग्रेड रॉकेट का पहला ही टेस्ट था और स्टारशिप का 12वां टेस्ट था. इसे भारतीय समय के अनुसार 23 मई की सुबह लॉन्च किया गया. दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने इस रॉकेट को बनाया है. स्टारशिप स्पेसक्राफ्ट (ऊपरी हिस्सा) और सुपर हैवी बूस्टर (निचला हिस्सा) को कलेक्टिवली ‘स्टारशिप’ कहा जाता है. इस व्हीकल की ऊंचाई 403 फीट है. ये पूरी तरह से रीयूजेबल है.

चांद पर इंसान उतारने की तैयारी

NASA की योजना है कि स्टारशिप को ह्यूमन लैंडिंग सिस्टम (HLS) के तौर पर इस्तेमाल किया जाए. यानि आर्टेमिस-3 मिशन और उसके बाद यही स्पेसक्राफ्ट अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की सतह तक ले जाएगा. NASA लंबे समय से आर्टेमिस मिशन के जरिए इंसानों को फिर से चांद पर भेजने की तैयारी कर रहा है. अब स्टारशिप V3 का सफल टेस्ट इस मिशन को नई रफ्तार देता दिख रहा है.

NASA ने क्यों कहा बड़ा कदम?

NASA का कहना है कि स्टारशिप की टेस्टिंग में अब हॉट स्टेजिंग, बूस्टर पर्फॉर्मेंस और ऑर्बिट ऑपरेशन जैसे कई अहम टार्गेट पूरे हो रहे हैं. हालांकि अभी पूरी रीयूजेबिलिटी और इंसानों वाली उड़ान बाकी है, लेकिन हर टेस्ट के साथ यह सिस्टम इस्तेमाल में शामिल होने की तरफ बढ़ रहा है. NASA का कहना है कि Starship सिर्फ चांद तक सीमित नहीं है. अगर यह सिस्टम पूरी तरह कामयाब हुआ, तो यही आगे चलकर मंगल पर इंसान भेजने के मिशन की भी रीढ़ बन सकता है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m