संजय कुमार, जींद: जिले में पशुपालकों के लिए लंबे समय से सिरदर्द बने कुख्यात पशु चोर गिरोह के खिलाफ जींद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरा आरोपी भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया। तीनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों पर विभिन्न थानों में डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

रविवार को डीएसपी संजय कुमार ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि डिटेक्टिव स्टाफ की टीम गांव बिशनपुरा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ बदमाश एक वाहन में पशुओं को चोरी कर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया।

पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, पीछा किए जाने पर आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में डिटेक्टिव स्टाफ ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की। इस दौरान गांव अकबरपुर सुनहेटी, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी फुरकन उर्फ मिर्ची तथा गांव बढ़ेड, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी कामिल गोली लगने से घायल हो गए। वहीं तीसरा आरोपी सोहेल, निवासी कैराना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश), भागने का प्रयास करते समय गिर गया, जिससे उसकी टांग टूट गई।

इलाज के लिए जिंद अस्पताल में भर्ती

पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को पकड़कर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जींद में भर्ती कराया। आरोपियों की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के कुख्यात पशु चोर गिरोह का सदस्य

डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के कुख्यात पशु चोर गिरोह से जुड़े हुए हैं। इनके खिलाफ विभिन्न जिलों और थानों में पशु चोरी सहित अन्य गंभीर अपराधों के डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के नेटवर्क और अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।

अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी

जींद पुलिस का कहना है कि जिले में पशु चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों की भी गहनता से जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: वीर भारत न्यास मामले में दिग्विजय सिंह ने दी मोहन सरकार को क्लीन चिट, बोले- ‘दलाल लोग पैसे वसूलने झूठे आरोप लगा रहे’

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m