IND vs ENG 1st ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज मंगलवार (14 जुलाई) से होने जा रहा है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। मैच से एक दिन पहले इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पहले वनडे के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। कप्तान हैरी ब्रूक ने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए मजबूत टीम मैदान में उतारने का फैसला किया है।

बता दें कि हाल ही में भारत के खिलाफ टी20 सीरीज 4-0 से जीतने वाली इंग्लैंड टीम उसी आत्मविश्वास के साथ वनडे सीरीज में भी उतरेगी। टी20 टीम की तुलना में इंग्लैंड ने वनडे टीम में कुछ अहम बदलाव किए हैं। अनुभवी बल्लेबाज जो रूट और बेन डकेट की वापसी से बल्लेबाजी क्रम को मजबूती मिली है, जबकि तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी एक बार फिर जोफ्रा आर्चर के कंधों पर होगी।

जोस बटलर के नाम दर्ज होगा खास रिकॉर्ड

पहले वनडे में उतरते ही इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर अपने करियर का 200वां वनडे मुकाबला खेलेंगे। बटलर ने 21 फरवरी 2012 को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया था। करीब 13 साल बाद वह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले इंग्लैंड के चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो जाएंगे।

बेथेल-डकेट करेंगे पारी की शुरुआत

इंग्लैंड ने युवा जैकब बेथेल और बेन डकेट को पारी की शुरुआत की जिम्मेदारी सौंपी है। तीसरे नंबर पर अनुभवी जो रूट बल्लेबाजी करेंगे। कप्तान हैरी ब्रूक, जोस बटलर और सैम करन मध्यक्रम को मजबूती देंगे।

गेंदबाजी विभाग में जोफ्रा आर्चर तेज आक्रमण की अगुआई करेंगे। उनके साथ जोश टंग नई गेंद संभालेंगे, जबकि स्पिन की जिम्मेदारी विल जैक्स, लियाम डॉसन और आदिल रशीद के कंधों पर होगी।

पहले वनडे के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग 11

जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल रशीद।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H