अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और CIA प्रमुख जॉन रैटक्लिफ को उनके पदों से हटाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। इजरायली मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि दोनों नेताओं ने हाल ही में प्रस्तावित ईरान समझौते का विरोध किया था, जिसके बाद उनकी स्थिति कमजोर पड़ गई है। यदि व्हाइट हाउस में नेतृत्व स्तर पर बदलाव होता है, तो इसका असर न केवल अमेरिका की ईरान नीति पर पड़ेगा, बल्कि मध्य-पूर्व की भू-राजनीतिक स्थिति और अमेरिका-इजराइल संबंधों पर भी दूरगामी प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।

ट्रंप की नाराजगी बनी बड़ी वजह

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले भी सार्वजनिक रूप से हेगसेथ की आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि यदि ईरान नीति अपेक्षित परिणाम नहीं देती, तो इसकी जिम्मेदारी रक्षा मंत्री को उठानी होगी। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया था कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू करने की सिफारिश हेगसेथ ने ही की थी।

अहम बैठक में सामने आया मतभेद

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 14 जून को हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में हेगसेथ और CIA प्रमुख रैटक्लिफ ने ईरान के साथ समझौते का विरोध किया था। इसके बावजूद ट्रंप ने बातचीत और समझौते की दिशा में आगे बढ़ने का फैसला किया। इस घटनाक्रम ने प्रशासन के भीतर मौजूद मतभेदों को उजागर कर दिया है।

कांग्रेस में भी घिर चुके हैं हेगसेथ

रक्षा मंत्री हेगसेथ पहले से ही राजनीतिक दबाव का सामना कर रहे हैं। डेमोक्रेटिक सांसद उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की कोशिश कर चुके हैं, हालांकि पर्याप्त समर्थन नहीं मिलने के कारण यह पहल आगे नहीं बढ़ सकी।

दो खेमों में बंटी ट्रंप प्रशासन

ईरान नीति को लेकर ट्रंप प्रशासन स्पष्ट रूप से दो गुटों में बंटा नजर आ रहा है। एक ओर हेगसेथ, रैटक्लिफ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो समझौते के विरोध में बताए जा रहे हैं, जबकि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर वार्ता और समझौते के पक्षधर हैं।

इजराइल-अमेरिका रिश्तों में भी तनाव?

रिपोर्टों के अनुसार, ईरान डील के मुद्दे पर अमेरिका द्वारा इजराइल को अपेक्षित समर्थन न मिलने से दोनों देशों के संबंधों में तनाव की चर्चा है। इसी बीच ट्रंप ने पेरिस में एक बयान देते हुए इजराइल की रणनीति पर सवाल उठाए, जिससे कूटनीतिक हलकों में नई बहस शुरू हो गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m