बेल्जियम में NATO के ऑपरेशनल हेडक्वार्टर में इंटर्न के तौर पर काम कर रही एक कनाडाई महिला को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बेल्जियम के फेडरल प्रॉसिक्यूटर ऑफिस के मुताबिक, महिला पर किसी तीसरे देश के लिए जासूसी करने और एक आपराधिक संगठन का हिस्सा होने का संदेह है। इस गिरफ्तारी के बाद NATO की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
NATO सिक्योरिटी सर्विस की सूचना के बाद शुरू हुई जांच
अधिकारियों के अनुसार, NATO की सिक्योरिटी सर्विस से बेल्जियम की मिलिट्री इंटेलिजेंस को जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान संदिग्ध महिला के घर और NATO के प्रमुख कमांड सेंटर SHAPE में उसके कार्यस्थल पर छापेमारी की गई। इसके एक दिन बाद शुक्रवार को “चीनी मूल की कनाडाई नागरिक” को हिरासत में ले लिया गया हालांकि, बेल्जियम के अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि महिला पर किस देश के लिए जासूसी करने का शक है।
मॉन्स में स्थित है NATO का अहम कमांड सेंटर
NATO का Allied Powers Supreme Headquarters Europe यानी SHAPE बेल्जियम के दक्षिणी शहर मॉन्स में स्थित है। यहां गठबंधन के सैन्य अधिकारी संयुक्त रणनीति, सैन्य अभियानों और ऑपरेशनल प्लानिंग से जुड़े अहम फैसले लेते हैं।
NATO का राजनीतिक मुख्यालय ब्रसेल्स में है, जहां सदस्य देशों के प्रतिनिधि रक्षा खर्च, साइबर सुरक्षा और अन्य सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा करते हैं। SHAPE में NATO का साइबर सिक्योरिटी सेंटर भी मौजूद है।
NATO ने कहा- ऑपरेशनल गतिविधियों पर असर नहीं
SHAPE के प्रवक्ता कर्नल मार्टिन एल. ओ’डोनेल ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है कि इस मामले से NATO या SHAPE की ऑपरेशनल तैयारी, कमांड और कंट्रोल सिस्टम या मौजूदा गतिविधियों पर कोई नकारात्मक प्रभाव पड़ा हो। उन्होंने कहा कि SHAPE बिना किसी रुकावट के अपनी जिम्मेदारियां निभा रहा है।
NATO के लिए संवेदनशील समय में गिरफ्तारी
यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब NATO को अमेरिका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों को लेकर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। गठबंधन के सदस्य देशों पर रक्षा खर्च बढ़ाने का दबाव और यूरोप की सुरक्षा भूमिका को लेकर जारी बहस के बीच यह जासूसी मामला NATO के लिए एक नई सुरक्षा चिंता बन सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


