सतीश सिंह, एटा. उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में गुरुवार-शुक्रवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे (Etah road accident) में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हो गए. हादसा बागवाला थाना क्षेत्र के कीलरमऊ गांव के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खराब खड़ी रोडवेज बस में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी. घटना में मृतकों के प्रति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक प्रकट किया है.
जानकारी के मुताबिक, बस खराब हो जाने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा कर उसकी मरम्मत की जा रही थी. इसी दौरान कई यात्री बस के नीचे और आसपास खड़े थे. तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बस को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. हादसा इतना भीषण था कि पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए.
इसे भी पढ़ें : रफ्तार ने लगाया जिंदगी पर ब्रेक: स्कॉर्पियो ने ट्रक को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत
इनकी हुई मौत
मृतकों की पहचान एटा पुलिस ने बुलंदशहर निवासी सतेंद्र (38), फर्रुखाबाद के दौलतपुर निवासी राजेश (34), फर्रुखाबाद निवासी सुखराम (30), नवाबगंज निवासी शैलेश (29) और एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में की है.
ये हुए घायल
घायलों में नोएडा सेक्टर-34 निवासी आनंद (52), नवाबगंज निवासी विवेक (30), पूनम (32), एटा निवासी नीतीश (30), विशाल (15), रवि (17), यतेंद्र (27), दक्ष (10), विक्रांत (23), सुमित, रिशु (21) और ब्रजेश (24) शामिल हैं. सभी घायलों को तत्काल वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डीएम व एसपी ने राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया. जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस सड़क किनारे खड़ी थी और उसकी मरम्मत की जा रही थी. इसी दौरान कंटेनर की टक्कर से बस के बाहर खड़े लोग उसकी चपेट में आ गए. दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है.
इसे भी पढ़ें : UP Weather Today : यूपी के 44 जिलों में बारिश का अलर्ट, तापमान में दर्ज की गई गिरावट
इस बीच, योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं और मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है.

