एटा के जैथरा थाना क्षेत्र में रविवार को रोडवेज बस और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

एटा। जैथरा थाना क्षेत्र में रविवार को अलीगंज रोड पर रोडवेज बस और ऑटो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। परौली सुहागपुर के पास हुए इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

लोगों ने शुरू किया बचाव

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही सीओ अलीगंज राजेश सिंह और जैथरा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराया।

सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जैथरा भेजा गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें: फूल नहीं, 2.70 लाख के नोटों से सजी कांवड़! सहारनपुर में देखने उमड़ी भीड़, पुलिस का पहरा

मृतकों की पहचान नहीं

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के शव पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस मृतकों और हादसे में घायल हुए लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: काकोरी एक्शन दिवस पर गरजी योगी की आवाज, कांग्रेस पर निशाना, बोले- क्रांतिकारियों को भुलाना युवा पीढ़ी से अन्याय

एएसपी ने दी जानकारी

अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

उन्होंने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।