आज के जमाने में पैसा एक ऐसी चीज है जो किसी की भी नियत खराब कर सकता है। रिश्तें-नाते कुछ इसके आगे दिखाई नहीं देते। कर्नाटक के बेलगावी जिले से भी ऐसा ही उदाहरण सामने आया है जहां दो करोड़ के इंश्योरेंस के पैसे के लिए एक पूर्व सैनिक की हत्या कर दी गई। इस अपराध में और कोई नहीं बल्कि उसकी पत्नी शामिल थी। उसने अन्य आरोपियों के साथ पूर्व सैनिक की मौत को नेचुरल डेथ दिखाने की कोशिश की। लेकिन आखिरकार उनका भंडा फूट गया।

इस सनसनीखेज मामले में बेलगावी जिला पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में फ़ोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) का एक अधिकारी और शहर की पुलिस का एक कर्मचारी समेत पीड़ित की पत्नी भी शामिल है। इन पर आरोप है कि इन्होंने एक पूर्व सैनिक की हत्या की साजिश रची और जुर्म छिपाने के लिए फॉरेंसिक सबूतों के साथ छेड़छाड़ की।

सरकारी अस्पताल में कराया गया था भर्ती

जिला SP के. रामराजन ने कहा कि आरोपी ने हुक्केरी तालुका के घोदगेरी गांव के रहने वाले 46 साल के संदीप कलागौडा मंजरगी की कथित तौर पर हत्या कर दी, ताकि लगभग 2 करोड़ रुपये का एक्सीडेंट इंश्योरेंस क्लेम किया जा सके। मंजरगी, जो एक पूर्व सैनिक थे। 13 मार्च को अपने गांव लौटते समय मोटरसाइकिल से गिरकर मामूली रूप से घायल हो गए थे। उन्हें शुरू में हुक्केरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक चिकित्सा जांच के दौरान पाया गया कि उनकी चोटें गंभीर नहीं थीं। हालांकि, उनकी पत्नी सुमा उन्हें घटाप्रभा के जेजे अस्पताल ले गईं, जहां 15 मार्च को कार्डियक अरेस्ट के कारण उनकी मौत हो गई।

कार्डियक अरेस्ट बताई गई मौत की वजह

जेजे अस्पताल के डॉक्टरों को कुछ गड़बड़ लगी और उन्होंने बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज (BIMS) जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बाद में FSL की जांच में मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई।

पैसों के लालच ने फूट गया भांडा

2 महीने तक सबकुछ उनके प्लान के मुताबिक चला लेकिन इस बीच सुमा और उसके प्रेमी पुंडलिक के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर बड़ा झगड़ा हो गया, झगड़ा इस स्तर तक पहुंच गया कि सुमा ने पुंडलिक से सम्बंध खत्म कर लेने की धमकी दे दी, पुंडलिक को अंदाजा था कि संदीप की पत्नी होने के नाते इंश्योरेंस का सारा पैसा सुमा को ही मिलेगा, तो उसने सुमा को एक्पोज करने का फैसला कर लिया और इस मामले में तब एक बड़ा मोड़ आ गया। जब आरोपी पुंडलिक विट्ठल डोम्बर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके आरोप लगाया कि मंजारगी की हत्या हुई थी। दावा किया कि उसे इस अपराध के बारे में जानकारी है।

वीडियो के आधार पर पुलिस ने शुरू की जाँच

पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला है कि आर्मी से रिटायर होने के बाद, मंजारगी ने 2023 में डोम्बर के साथ मिलकर हिडकल डैम के पास खाने-पीने का एक स्टॉल शुरू किया था। इस दौरान, डोम्बर और पूर्व सैनिक की पत्नी सुमा के बीच कथित तौर पर नाजायज संबंध बन गए। जांचकर्ताओं को शक है कि दोनों ने मंजारगी के इंश्योरेंस के फायदे पाने के लिए उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

डोम्बर का रिश्तेदार और जेजे अस्पताल के कर्मचारी राहुल हनुमंत जोगी ने कथित तौर पर मंजारगी को JJ अस्पताल ले कर आने का सुझाव दिया और साजिश रचने वालों को भरोसा दिलाया कि वो बिना किसी शक के संदीप को ठिकाने लगा देगा।

चूहे मारने वाली दवा और नींद की गोलियां भी दी गईं

जांच में पता चला कि 14 मार्च को तीन आरोपियों ने कथित तौर पर नस के जरिए चूहे मारने का जहर देने की कोशिश की, लेकिन वे कामयाब नहीं हो पाए। अगले दिन, उन्होंने कथित तौर पर बाहर से एक और जहर मंगाया, उसे इंजेक्शन से दिया और नींद की गोलियां भी खिलाईं। इसके बाद उनकी मौत हो गई। शुरू में मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई थी। डोम्बर के खुलासे के बाद, पुलिस ने मंजारगी का शव कब्र से बाहर निकाला और दोबारा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया।

रिश्तेदारों की ली मदद

पुलिस ने बताया कि सुमा की मां, जो एक रिटायर्ड हेल्थ वर्कर हैं। उन्होंने अपनी बेटी को बचाने के लिए रजिस्टर्ड मेडिकल प्रैक्टिशनर बसवराज भस्मे से मदद मांगी। भस्मे ने कथित तौर पर अपने रिश्तेदार अशोक गुजनाल की मदद ली, जो शहर पुलिस में कर्मचारी थे। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर FSL के चपरासी अप्पासाब फखरुद्दीन नाइकवाड़ी से संपर्क किया ताकि फोरेंसिक रिपोर्ट में बदलाव किया जा सके।

सबूत छिपाने के लिए FSL रिपोर्ट में किया गया बदलाव

पुलिस का आरोप है कि FSL के लेबोरेटरी असिस्टेंट चन्नप्पा अदाविसवामीमथ ने सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर पी एम नागराजू के साथ मिलकर जहर देने के सबूत छिपाने के लिए FSL रिपोर्ट में बदलाव किया। जांच में यह भी पता चला कि यूट्यूबर सचिन सेलार और तीन अन्य लोगों ने जिन्हें डोम्बर से हत्या के बारे में पता चला था। सुमा से चुप रहने के बदले पैसे और सेक्सुअल फेवर की मांग करने की कोशिश की। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या कांड में शामिल सभी 9 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m