नोएडा: ऑनलाइन लाइव-स्ट्रीमिंग ऐप के जरिए शुरू हुई दोस्ती ने एक BTech छात्र के परिवार को बड़ी आर्थिक परेशानी में डाल दिया। आरोप है कि मुंबई की एक महिला ने छात्र को पहले प्रेमजाल में फंसाया और शादी का भरोसा देकर उससे ऐप कॉइंस, गिफ्ट और अन्य माध्यमों से करीब ₹50 लाख खर्च करवा दिए। मामला यहीं नहीं रुका। जब छात्र को महिला के पहले से शादीशुदा होने और उसके बच्चे की जानकारी मिली तथा उसने दूरी बनाने की कोशिश की, तो कथित तौर पर उसे धमकियां मिलने लगीं।
परिवार का आरोप है कि महिला और उसके साथियों ने छात्र से संपर्क खत्म करने के बदले ₹5 करोड़ की मांग शुरू कर दी। इसके बाद छात्र के पिता ने मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की। कोर्ट के आदेश के बाद नोएडा के सेक्टर-24 थाने में मुख्य आरोपी महिला, उसकी बहन और उसके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायत के मुताबिक, छात्र अप्रैल 2025 में एक लाइव-स्ट्रीमिंग ऐप के माध्यम से महिला के संपर्क में आया था। बातचीत आगे बढ़ी तो महिला ने कथित तौर पर उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। भावनात्मक संबंध बनने के बाद छात्र ने उसके कहने पर ऐप पर कॉइंस खरीदने, गिफ्ट भेजने और अन्य खर्चों में बड़ी रकम लगा दी। धीरे-धीरे यह रकम करीब 50 लाख रुपये तक पहुंच गई।
बाद में छात्र के परिवार को महिला की वैवाहिक स्थिति और उसके बच्चे के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद छात्र ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की। आरोप है कि इसी के बाद महिला और उसके साथ जुड़े लोगों का रवैया बदल गया। छात्र को कथित तौर पर धमकाया गया और उससे पीछा छोड़ने के एवज में करोड़ों रुपये की मांग की गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिला अलग-अलग नामों का इस्तेमाल करती थी। उसके खिलाफ जसलीन, एंजेल खन्ना और ज्योति खन्ना जैसे नामों के इस्तेमाल का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी, जबरन वसूली, आपराधिक धमकी और आपराधिक साजिश से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र से संपर्क बनाने के बाद आरोपी महिला और उसके कथित साथियों ने किस तरह रकम हासिल की और बाद में ₹5 करोड़ की मांग किस तरीके से की गई। मामले में आरोपों की जांच के साथ पुलिस संबंधित डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाल रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



