अजय सैनी, भिवानी। संत कबीर जयंती की पूर्व संध्या पर रविवार को गांव बापोड़ा की महर्षि वाल्मीकि चौपाल में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर न केवल धार्मिक-सामाजिक उत्सव का हिस्सा बना, बल्कि एक परिवार की व्यक्तिगत खुशी को जनसेवा के रूप में समाज को समर्पित करने का एक सुंदर उदाहरण भी रहा। यह पहल गांव के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि विजेंद्र सिंह द्वारा की गई।
छोटे पुत्र रोहित की उच्च शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर
हाल ही में उनके छोटे पुत्र रोहित की उच्च शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर (भूगोल) के पद पर नियुक्ति हुई है। इसी दोहरी खुशी को साझा करने के लिए विजेंद्र सिंह ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की भलाई के लिए इस शिविर का आयोजन करवाया। शिविर में धीर हॉस्पिटल की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने अपनी सेवाएं दीं। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने आधुनिक उपकरणों के माध्यम से ग्रामीणों की आंखों की गहन जांच की।
शिविर में लगभग 150 से अधिक लोगों की आंखों की जांच
शिविर की शुरुआत गांव के गणमान्य बुजुर्गों और प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर की गई। शिविर में लगभग 150 से अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई। डॉक्टरों ने मरीजों को मोतियाबिंद, दूर व पास की नजर के दोष और एलर्जी जैसी समस्याओं के बारे में परामर्श दिया। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही आवश्यक दवाइयां और आई-ड्रॉप्स भी पूरी तरह निशुल्क वितरित किए गए।
समाज में एक सकारात्मक संदेश
इस मौके पर पूर्व सरपंच प्रतिनिधि विजेंद्र सिंह ने कहा कि समय-समय पर हमारे महापुरुषों की जयंती और जीवन के किसी भी खुशी के अवसर को समाज सेवा से जोड़कर मनाना चाहिए। इससे समाज में एक सकारात्मक संदेश जाता है। हमारा मुख्य उद्देश्य यही था कि गांव के बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को घर-द्वार पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। बेटे की सफलता पर पूरे गांव का आशीर्वाद मिले, इससे बड़ा कोई उत्सव नहीं हो सकता।
स्वास्थ्य शिविर की जमकर सराहना
गांव के लोगों ने इस स्वास्थ्य शिविर की जमकर सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि कई बार बुजुर्ग लोग आंखों की जांच के लिए शहर जाने में असमर्थ होते हैं, ऐसे में गांव में ही इतनी बड़ी सुविधा मिलना बेहद मददगार साबित हुआ।
इसे भी पढ़ें : मेरठ विकास प्राधिकरण की वेबसाइट हैक, मोदी-योगी की फोटो के आगे लिखा पाकिस्तान समर्थित संदेश
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

