कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक बार फिर ठगों ने नकली पुलिसकर्मी बनकर बुजुर्ग महिला को ठगी का शिकार बनाया। महिला को डरा धमका कर करीब 4 लाख रुपए के जेवर उतरवाए। इसके बाद महिला के हाथ में नकली जेवर की पोटली पकड़ा दी। खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिला से लाखों के जेवर ठगने वाले आरोपी सीसीटीवी में कैद हुए हैं।
दरअसल, कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कमानिया गेट के पास ठगों ने पुलिसकर्मी बनकर एक बुजुर्ग महिला को लूट का डर दिखा कर करीब 4 लाख रुपए के जेवर उतरवा लिए। फिर नकली जेवर की पुड़िया थमाकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, सागर जिले के देवरी की रहने वाली पीड़ित महिला ज्योति जैन अपने रिश्तेदारों के घर आई थीं। जहां कमानिया गेट के पास से गुजर रही थीं। तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोका। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और फर्जी आईडी कार्ड दिखाया।
ठगों ने महिला को डराते हुए कहा कि इलाके में लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं, इसलिए वह अपने जेवर उतार दें। डर के कारण महिला ने अपने सोने के गहने उतारकर ठगों को दे दिए। फिर क्या था ठगों ने गहनों को एक कागज में लपेटकर महिला को थमाया और तुरंत मौके से फरार हो गए। डरी सहमी महिला ने थोड़ी दूर जाकर जब पुड़िया खोली तो दंग रह गई, उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद बुजुर्ग महिला ने लौटकर देखा तो आरोपी तब तक फरार हो चुके थे। पूरे मामले में पुलिस पूछताछ में जुटी है। बतादें कि, बीते दो सप्ताह में तक़रीबन आधा दर्जन मामले सामने आ चुके हैं।
वहीं खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिला से लाखों के जेवर ठगने वाले आरोपी सीसीटीवी में कैद हुए हैं। सीसीटीवी में शातिर जालसाज़ मोटरसाइकिल पर जाते हुए नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है। वहीं मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार भी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

