फरीदाबाद। जेवर एयरपोर्ट को जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। पनहेड़ा खुर्द गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर गार्डर उठाने के दौरान एक भारी क्रेन अचानक पलट गई। हादसे में इंजीनियर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव दल ने कई घंटों तक अभियान चलाकर फंसे मजदूरों को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, हादसे से कुछ समय पहले क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश हुई थी, जिससे निर्माण स्थल पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई थी। बारिश रुकने के बाद काम दोबारा शुरू किया गया। इसी दौरान गार्डर उठाते समय क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह पास में बने कंटेनर पर जा गिरी। उस समय मौके पर 6 से 7 मजदूर कार्य कर रहे थे, जिनमें से कई क्रेन और कंटेनर के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर देर शाम तक सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया। इनमें से तीन लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंजीनियर समेत तीन की गई जान
बल्लभगढ़ डीसीपी प्रतीक ने बताया कि हादसे में पंजाब निवासी इंजीनियर सत्तार, राजस्थान निवासी मजदूर मनीष और एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घायल मजदूर का उपचार जारी है।
हादसे की जांच के आदेश
घटना को गंभीरता से लेते हुए फरीदाबाद के डीसी आयुष सिन्हा ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रशासन की ओर से प्रारंभिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही क्रेन पलटने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।इस दर्दनाक हादसे के बाद निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

