फरीदाबाद। गांधी कॉलोनी में 500 रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय युवक की बीयर की टूटी बोतल से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गांधी कॉलोनी निवासी सागर के रूप में हुई है। आरोप है कि शराब पीने के दौरान पैसों को लेकर हुए झगड़े में कालू ने पहले बीयर की बोतल सागर के सिर पर मारकर तोड़ दी और फिर उसी टूटी बोतल से उसके गले और पेट पर हमला किया। गंभीर हालत में सागर को ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना एनआईटी पुलिस ने आरोपी कालू को गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों साथ करते थे काम, साथ ही पी रहे थे शराब

पुलिस के अनुसार, सागर और आरोपी कालू दोनों गांधी कॉलोनी के रहने वाले हैं। दोनों साथ में चैन-कुप्पी का काम करते थे। कालू ठेकेदार था, जबकि सागर लेबर का काम करता था।

बताया गया है कि रविवार रात करीब 10 बजे दोनों रेलवे स्टेशन के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सागर ने कालू से अपने 500 रुपये मांगे।

500 रुपये मांगने पर शुरू हुआ विवाद

पैसे मांगने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में विवाद झगड़े में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान कालू ने बीयर की बोतल सागर के सिर पर मारकर तोड़ दी।

इसके बाद आरोपी ने टूटी हुई बोतल से सागर के गले और पेट में वार कर दिया। हमले में सागर गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की जानकारी मिलने के बाद सागर के परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार, गले में कांच की बोतल लगने से नसें कट गई थीं। इसी वजह से उसकी मौत होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना एनआईटी पुलिस ने आरोपी कालू को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना एनआईटी प्रभारी महाबीर के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रखवाया है। मामले की जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m