चंडीगढ़। हरियाणा कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी डॉ. डी. सुरेश कुमार को सेवा से रिटायर होने के दिन पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। गुरुग्राम के सेक्टर-39 में प्लॉट आवंटन से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में दर्ज FIR को लेकर सुनवाई करते हुए अदालत ने निर्देश दिया है कि यदि जांच के दौरान पुलिस या एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को उनकी हिरासत की जरूरत पड़ती है, तो उन्हें कम से कम 7 दिन पहले नोटिस देना होगा।
हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 16 अक्टूबर 2026 की तारीख निर्धारित की है। डी. सुरेश कुमार 31 अगस्त 2026 को सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

प्लॉट आवंटन को लेकर दर्ज हुई FIR

मामला गुरुग्राम के सेक्टर-39 स्थित प्लॉट नंबर 257-A के कथित गलत तरीके से आवंटन से जुड़ा है। 23 जुलाई 2026 को जारी एक पत्र के आधार पर डॉ. डी. सुरेश कुमार समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ गुरुग्राम में FIR नंबर 35 दर्ज की गई थी।
याचिका पर सुनवाई के दौरान डी. सुरेश की ओर से पेश वकीलों ने जांच की मंजूरी की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि मामले में कार्रवाई की अनुमति देते समय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से 3 सितंबर 2021 को जारी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन नहीं किया गया।

रिटायरमेंट से ठीक पहले कार्रवाई पर उठाए सवाल

IAS अधिकारी की ओर से अदालत में यह भी दलील दी गई कि सेवा समाप्त होने से ठीक पहले उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू करना उन्हें परेशान करने और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले वैधानिक लाभों से वंचित करने की कोशिश है। उनके वकीलों ने इसे कथित तौर पर ‘विच-हंट’ (जानबूझकर निशाना बनाना) बताया।

सरकार ने कहा- पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत हुई

वहीं, राज्य सरकार की ओर से अदालत में इस आरोप का विरोध किया गया। सरकारी वकील ने बताया कि FIR दर्ज करने की अनुमति सरकार ने 29 जुलाई 2026 को दी थी। इसके बाद 3 अगस्त को मामला गुरुग्राम विजिलेंस ब्यूरो को भेजा गया।

सरकार के अनुसार, 13 अगस्त को ड्राफ्ट मुख्यालय भेजा गया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 अगस्त को अंतिम मंजूरी मिली। इसके अगले दिन यानी 26 अगस्त 2026 को FIR दर्ज की गई। सरकार ने अदालत में दावा किया कि कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत और सही मंशा से की गई है।

कौन हैं डॉ. डी. सुरेश कुमार?

डॉ. डी. सुरेश कुमार हरियाणा कैडर के 1995 बैच के IAS अधिकारी हैं। उनका जन्म 12 अगस्त 1966 को आंध्र प्रदेश में हुआ था। उन्होंने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में MBA किया है। करीब तीन दशक के प्रशासनिक करियर में उन्होंने शहरी विकास, शिक्षा समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियां संभाली हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m