हिसार। हिसार जिले के बरवाला थाना परिसर में जांच के दौरान महिला पुलिस अधिकारी पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मामले की जांच के लिए थाने पहुंचे एक पक्ष के लोगों ने महिला PSI सीमा रानी के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान एक महिला ने कथित तौर पर खाली कप उठाकर उनके सिर पर दे मारा। चोट लगने के बाद पुलिस अधिकारी को उपचार के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद PSI सीमा रानी की शिकायत पर पुलिस ने बधावड़ निवासी अमित, प्रियंका, भतेरी और अंजू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
शिकायत की जांच के लिए थाने पहुंचे थे दोनों पक्ष
बताया गया है कि बधावड़ निवासी मनीषा ने अमित के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और विवाद करने की शिकायत दी थी। इसी शिकायत की जांच PSI सीमा रानी को सौंपी गई थी। गुरुवार को दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने और पूछताछ के लिए बरवाला थाने बुलाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मनीषा ने अमित पर लगाए गए आरोपों को दोहराया। इसके बाद जब आरोपों को अमित और उसके साथ आई महिलाओं के सामने रखा गया तो माहौल बिगड़ गया।
पानी की बोतल से हाथ पर वार, फिर कप से सिर पर हमला
PSI सीमा रानी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि अमित ने मेज पर रखी पानी से भरी बोतल उठाकर उनके हाथ, कमर और पेट पर वार किया। इसके बाद प्रियंका और भतेरी ने उनके साथ मारपीट की।
इसी दौरान अमित की पत्नी अंजू कथित तौर पर कार्यालय के बाहर गई और वहां से एक बड़ा खाली कप उठाकर ले आई। आरोप है कि उसने कप से PSI सीमा के सिर पर जोर से वार कर दिया। चोट लगने से वह लड़खड़ाकर गिर गईं और उनकी हालत बिगड़ गई।
ASI ने संभाला, अन्य पुलिसकर्मियों को बुलाया
घटना के दौरान कार्यालय के बाहर मौजूद ASI प्रवीण कुमारी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घायल PSI को संभाला और आवाज लगाकर थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों को बुलाया। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर महिला अधिकारी को आरोपियों से अलग किया।
PSI सीमा का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी पक्ष ने गाली-गलौज की और उन्हें दबाव में लेकर झूठा मुकदमा दर्ज कराने की कोशिश की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


