फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के कुरेशीपुर क्षेत्र में 23 वर्षीय युवती प्रीति पर सोते समय खौलता पानी डालकर उसे बुरी तरह झुलसाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके सौतेले माता-पिता (धर्मेंद्र और ललिता) उसका 3 लाख रुपये में सौदा कर एक 65 साल के बुजुर्ग से जबरन शादी करा रहे थे।

विरोध करने पर 16 अगस्त की तड़के 4 बजे उस पर गर्म पानी फेंका गया। वारदात के बाद आरोपियों ने युवती को कमरे में बंद कर ताला लगा दिया। सूचना मिलने पर 19 अगस्त को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा और उसे बाहर निकाला। गंभीर हालत के चलते पीड़िता को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है।

शादी के दो साल बाद पति से अलग हुई थी पीड़िता

बिहार के टिक्का टोला शहापुर की रहने वाली प्रीति की शादी करीब दो साल पहले कुरेशीपुर निवासी रोहित से हुई थी। विवाद के चलते करीब दो महीने पहले वह पति से अलग हो गई थी। इसके बाद वह पड़ोस में रहने वाले धर्मेंद्र (45) और ललिता (42) के संपर्क में आई। मौसा पंकज के मुताबिक, दोनों ने प्रीति को बेटी की तरह रखने और अपने घर से शादी कराने का भरोसा देकर अपने साथ रख लिया था।

बुजुर्ग से शादी का विरोध करने पर 50 फीसदी झुलसी

पीड़िता का आरोप है कि करीब दो महीने साथ रहने के दौरान उसे पता चला कि धर्मेंद्र और ललिता ने 3 लाख रुपये लेकर उसकी शादी 65 साल के बुजुर्ग से तय कर दी है। प्रीति ने जब इसका कड़ा विरोध किया तो 16 अगस्त की तड़के करीब 4 बजे सोते समय उस पर खौलता पानी डाल दिया गया। इससे पीड़िता का सीना, हाथ और प्राइवेट पार्ट्स समेत शरीर का करीब 50 फीसदी हिस्सा बुरी तरह झुलस गया।

कमरे में लगाया ताला, पुलिस ने पहुंचकर कराया आजाद

वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता का मोबाइल छीन लिया और उसे कमरे में बंद कर ताला लगा दिया। पड़ोस में रहने वाली एक युवती को जब इसकी भनक लगी तो उसने फरीदाबाद में रह रहे प्रीति के मौसा को सूचित किया। मौसा पहले खुद पहुंचे, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद 19 अगस्त को पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तुड़वाया गया और पीड़िता को तुरंत बीके अस्पताल ले जाया गया।

सफदरजंग के आईसीयू में भर्ती, पुलिस लेगी बयान

बीके अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने पीड़िता की नाजुक हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, जहां वह आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रही है। धौज थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पीड़िता का बयान दर्ज करने दिल्ली अस्पताल जाएगी। पुलिस के मुताबिक, शादी के लिए 3 लाख रुपये के सौदे के आरोपों की जांच की जा रही है और युवती के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m