फरीदाबाद। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए बीएस-4 (BS-4) मानक वाले डीजल और पेट्रोल वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है, जिसके बाद फरीदाबाद पुलिस ने भी अपनी सख्ती बढ़ा दी है। दिल्ली की सीमा से लगे प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। रविवार को सुबह से शाम तक चली इस कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने बीएस-4 मानक वाले 70 से अधिक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोक दिया और उन्हें वापस फरीदाबाद की ओर लौटा दिया। पुलिस ने बदरपुर बॉर्डर समेत 8 से अधिक स्थानों पर विशेष नाके लगाए हैं।

8 से अधिक प्रमुख स्थानों पर की गई नाकाबंदी

ट्रैफिक पुलिस की टीमें लगातार दिल्ली जाने वाले वाहनों को रोककर उनके प्रदूषण और इंजन मानकों की जांच कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को बॉर्डर से ही वापस भेजा जा रहा है। फरीदाबाद पुलिस ने दिल्ली जाने वाले प्रमुख रास्तों पर नाकेबंदी की है, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • दिल्ली-आगरा हाईवे स्थित बदरपुर बॉर्डर
  • सराय ख्वाजा टोल
  • मीठापुर-दुर्गा बिल्डर एमसीडी टोल
  • सूरजकुंड-प्रह्लादपुर रोड और शूटिंग रेंज
  • मांगर-मेहरौली रोड
  • बसंतपुर और इस्माइलपुर के रास्ते

रविवार को डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे पर मीठापुर से सटे सेहतपुर एमसीडी टोल के पास भी पुलिस ने विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की।

45 हजार वाहन आएंगे प्रतिबंध के दायरे में

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अकेले फरीदाबाद और पलवल क्षेत्र में बीएस-4 मानक वाले लगभग 45 हजार डीजल और पेट्रोल वाहन हैं। इनमें करीब 18 हजार वाणिज्यिक (कमर्शियल) वाहन भी शामिल हैं। दिल्ली में लागू प्रतिबंध के चलते इन सभी वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए दिल्ली से सटे बॉर्डर और प्रमुख रास्तों पर वाहन जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रतिबंधित वाहन को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m