फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार को दिनदहाड़े एक निजी स्कूल के अंदर महिला टीचर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि कुछ दिन पहले टीचर ने आरोपी युवक के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। सोमवार को आरोपी स्कूल में घुसा और टीचर पर लगातार चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी।

छेड़छाड़ की शिकायत के बाद बढ़ी रंजिश

बताया गया है कि कुछ दिन पहले महिला टीचर ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। उस समय आरोपी ने सबके सामने माफी मांग ली थी। आरोप है कि इसके बाद वह टीचर से रंजिश रखने लगा था।

स्कूल परिसर में किया हमला

सोमवार को आरोपी स्कूल के अंदर पहुंचा और महिला टीचर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान टीचर ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार वार करता रहा। घटना से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना का वीडियो आया सामने

वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में आरोपी महिला टीचर पर लगातार चाकू से हमला करता दिखाई दे रहा है। बचने की कोशिश में टीचर जमीन पर गिर जाती है, लेकिन आरोपी उस पर हमला जारी रखता है। वीडियो में एक व्यक्ति बीच-बचाव के लिए आगे बढ़ता है, लेकिन आरोपी उसे धमकाकर पीछे हटने पर मजबूर कर देता है।

27 वार करने का आरोप, फिर फरार हुआ आरोपी

मामले में आरोप है कि आरोपी ने महिला टीचर के सीने, पेट, गले और चेहरे पर करीब 27 बार चाकू से वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें स्कूल पहुंचीं और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m