फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में सेक्टर-18 ओल्ड रोड पर बुधवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठी करीब 10 गायों को कुचल दिया। हादसे में छह गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद नाराज लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

सड़क किनारे बैठी गायों पर चढ़ा ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी गाय सड़क के एक किनारे बैठी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आया ट्रक सीधे उनके ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई गायें सड़क पर तड़पती रहीं, जबकि छह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गौ सेवक बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।

घायल गायों को उपचार के लिए गोशाला भेजा गया

गोरक्षा दल के सदस्य गोपाल शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर उनकी टीम मौके पर पहुंची। वहां छह गायों की मौत हो चुकी थी और चार गंभीर रूप से घायल थीं। घायल गायों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए गोशालाओं में भेजा गया। वहीं मृत गायों के शव पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेजे गए हैं।

चालक पर लगाए गंभीर आरोप

गोपाल शर्मा ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि चालक नशे की हालत में भी हो सकता है। उनका कहना है कि यदि चालक सतर्क रहता तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता। उन्होंने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

हादसे के बाद ट्रक में लगाई आग

घटना से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने दुर्घटना करने वाले ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा। सूचना पर ओल्ड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। बाद में फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया

ओल्ड थाना प्रभारी विष्णु ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंधेरा होने के कारण चालक को सड़क किनारे बैठी गायें दिखाई नहीं दीं, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में चालक की लापरवाही, नशे में वाहन चलाने या किसी अन्य प्रकार की गलती सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m