वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के करायपरसुराय थाना क्षेत्र के बेरमा गांव में कल गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध किसान की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गौरतलब है कि जिले में वज्रपात से मौत की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी खेत में धान की रोपाई करते समय बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अन्य किसानों की भी मौत हो चुकी है।
धान की रोपाई करते समय गिरी बिजली
मृतक किसान की पहचान स्वर्गीय लीलधारी पासवान के 60 वर्षीय पुत्र सोहन पासवान के रूप में हुई है। मृतक के पोते राजीव कुमार ने बताया कि सोहन पासवान गांव के गौढ़ा खंधा स्थित अपने खेत में धान की रोपाई की तैयारी के लिए पगडंडी ठीक कर रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा और वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
पटना ले जाते समय हुई मौत
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। किसान के मौत की खबर सुनते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इलाके के लोगों में भी शोक का माहौल कायम हो गया।
थानाध्यक्ष का बयान
इस संबंध में करायपरसुराय थाना अध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- रील्स बनाना पड़ा भारी! आम के बगीचे में घेरकर युवकों की बांस के डंडों से पिटाई, VIDEO वायरल


