फतेहाबाद। शहर की 4 मरला कॉलोनी में कचरा फेंकने को लेकर दो दुकानदारों के बीच हुई मारपीट का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दी है। बस स्टैंड चौकी पुलिस ने CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुकान में घुसकर बहस के बाद मारपीट

CCTV फुटेज में दुल्हन श्रृंगार पैलेस के संचालक राकेश दुकान के काउंटर पर नजर आ रहे हैं। इसी दौरान दूसरे दुकानदार की तरफ से आया एक युवक दुकान के अंदर पहुंचता है। दोनों के बीच बहस होने लगती है। कुछ ही देर में बहस हाथापाई में बदल जाती है।

फुटेज में इसके बाद राकेश बचाव के लिए छड़ी लेकर दुकान से बाहर आते दिखाई देते हैं। बाहर पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के लोग उनसे उलझते हैं। इसके बाद सड़क पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो जाती है।

कचरा खिसकाने से शुरू हुआ विवाद

दुकानदार राकेश ने आरोप लगाया कि उनकी दुकान काफी पुरानी है। उन्होंने बताया कि करीब चार साल पहले भी पंजाबी श्रृंगार पैलेस के संचालक रामप्रकाश से कचरा फेंकने को लेकर विवाद हुआ था।

राकेश के मुताबिक, घटना वाले दिन रामप्रकाश के कर्मचारियों ने कचरा उनकी दुकान के पास खिसका दिया था। उन्होंने इसका विरोध किया और कचरा वापस करवाया। आरोप है कि इसके बाद रामप्रकाश ने कुछ परिचित युवकों को वहां बुला लिया।

राकेश का आरोप है कि इन्हीं युवकों में से एक अज्ञात युवक उनकी दुकान में घुसा और हमला कर दिया। इसके बाद सड़क पर दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले।

महिला स्टाफ भी आपस में भिड़ा

मारपीट के दौरान दोनों दुकानों का महिला स्टाफ भी आपस में भिड़ गया। उनके बीच भी तीखी झड़प और हाथापाई हुई। इस पूरे घटनाक्रम में दूसरे पक्ष के अंग्रेज नामक युवक के हाथ में चोट आने की बात सामने आई है।

दोनों पक्षों ने दी शिकायत

बाजार में हुई मारपीट के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने CCTV फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।

बस स्टैंड चौकी पुलिस लिखित शिकायतों और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m