फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद की अनाज मंडी क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक युवक पर पहले SUV से टक्कर मारी गई और फिर लाठी-डंडों से हमला किया गया। घायल युवक की पहचान भोडिया खेड़ा निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का CCTV फुटेज अब सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अमित कुमार के मुताबिक, वह काम के सिलसिले में फतेहाबाद आया था। वह बाइक से अनाज मंडी क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान एक सफेद SUV ने उसका पीछा किया और बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अमित सड़क पर गिर गया।

अमित का आरोप है कि SUV से चार युवक डंडे और हथियार लेकर उतरे। उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अमित के अनुसार, हमलावरों में चंद्रपाल और हितेश समेत दो अन्य युवक शामिल थे।

हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी

अमित ने आरोप लगाया कि चंद्रपाल के पास हथियार था। हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। अमित के मुताबिक, करीब 15-20 दिन पहले पारिवारिक रंजिश को लेकर उनका एक छोटा विवाद हुआ था। बाद में पंचायत में इसका फैसला हो गया था।

फैसले के बाद रेकी करने का आरोप

अमित ने आरोप लगाया कि पंचायत के फैसले के बाद भी आरोपी उसकी रेकी कर रहे थे। सोमवार को जब वह फतेहाबाद आया तो आरोपियों ने मौका देखकर उस पर हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। शहर थाना प्रभारी संजय मोरवाल ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पुरानी पारिवारिक रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घायल के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m