कुलदीप सिंह, फतेहपुर. जनपद में बकेवर थाना क्षेत्र के मुसाफा रोड पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. जहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया. हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए. घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से फरार हो गया.
बता दें कि अशोक कुमार (34) अपने दो अन्य साथियों शिव प्रसाद कुशवाहा (24) और सुभाष (24) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर सकुरा से सिकटिया गांव की ओर जा रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक मुसाफा रोड स्थित मोहद्दीपुर के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
इसे भी पढ़ें : ‘जो रामभक्तों पर गोलियां चलवाते थे, वे सत्ता के हकदार नहीं’: लखनऊ में अमित शाह का आक्रामक रुख
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए. सूचना मिलते ही बकेवर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने अशोक कुमार (34) को मृत घोषित कर दिया. वहीं प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल शिव प्रसाद कुशवाहा और सुभाष की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया है.
घटना के बाद पुलिस ने मृतक अशोक कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि अज्ञात ट्रेलर और उसके फरार चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी. हादसा के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

