कुलदीप सिंह, फतेहपुर. अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय (Autonomous State Medical College, Fatehpur) के एमबीबीएस इंटर्न्स ने स्टाइपेंड (भत्ता) में बढ़ोतरी और उसके समयबद्ध भुगतान की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में एकत्र हुए इंटर्न्स ने कॉलेज परिसर में पैदल मार्च निकालकर अपनी आवाज बुलंद की और शासन-प्रशासन से मांगों को जल्द पूरा करने की गुहार लगाई.

​प्रदर्शन कर रहे इंटर्न्स का कहना है कि उत्तर प्रदेश में मिलने वाला इंटर्नशिप स्टाइपेंड अन्य राज्यों की तुलना में सबसे कम है. वे अस्पताल में 24 घंटे अपनी सेवाएं देते हैं, लेकिन इसके एवज में उन्हें प्रतिदिन मात्र 400 रुपये (लगभग 12,000 रुपये प्रतिमाह) मिलते हैं, जो उनकी मेहनत और समर्पण का उचित सम्मान नहीं है. जबकि उत्तर प्रदेश का मेडिकल एजुकेशन बजट सबसे ज्यादा है.

इसे भी पढ़ें : शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने BJP प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, OBC अभ्यर्थियों को 5 फीसदी छूट देने की मांग

​इंटर्न्स की प्रमुख मांग है कि वर्तमान में मिल रहे 12,000 रुपये प्रतिमाह के स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रतिमाह किया जाए. साथ ही सभी मेडिकल इंटर्न्स को हर महीने नियमित रूप से और समय पर स्टाइपेंड का भुगतान सुनिश्चित किया जाए. इस दौरान प्रदर्शन में करीब 500 लोग शामिल एमबीबीएस इंटर्न डॉ. रॉबिन यादव, डॉ. आकाश, डॉ. रोहित शर्मा, डॉ. सत्यम बरनवाल, डॉ. सोहराब अली और डॉ. दिशा सचान ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो वे आगे भी अपना आंदोलन जारी रखने के लिए बाध्य होंगे.