सतीश सिंह, लखनऊ. 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2018 के अभ्यर्थियों ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा. अभ्यर्थियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश की संस्तुतियों को लागू करते हुए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट प्रदान करने और संशोधित परिणाम जारी करने की मांग की.

अभ्यर्थियों का कहना है कि 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा में पूर्णांक 150 में से ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 60 अंक (40 प्रतिशत) को उत्तीर्णांक मानते हुए परिणाम संशोधित किया जाए और नई चयन सूची जारी की जाए. उनका दावा है कि इससे लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे अनेक अभ्यर्थियों को लाभ मिल सकेगा.

इसे भी पढ़ें : अयोध्या मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य के खिलाफ होगी विभागीय जांच, वित्तीय अनियमितता से जुड़ा मामला

भर्ती आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने बताया कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ ने अपनी संस्तुति में ओबीसी अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट प्रदान करते हुए सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति दिए जाने की अनुशंसा की है. उन्होंने कहा कि आयोग की संस्तुति लागू होने पर ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ-साथ दिव्यांगजन, भूतपूर्व सैनिक (स्वयं) और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित श्रेणी के पात्र अभ्यर्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा.

तूफान सिंह ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद अभ्यर्थियों को उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए जल्द न्याय दिलाने का आश्वासन दिया. इस दौरान अभ्यर्थियों ने उन्हें राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुतियों की छायाप्रति भी सौंपी. ज्ञापन सौंपने वालों में तूफान सिंह के अलावा आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी सहित अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे. अभ्यर्थियों ने सरकार से आयोग की संस्तुतियों को शीघ्र लागू कर योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करने की मांग की है.