​फतुहा/पटना। राजधानी के फतुहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ पड़ोसी युवक द्वारा दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद आरोपी द्वारा पीड़िता के परिजनों को जान से मारने की धमकी देने से इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता की मां की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

​घटना का विवरण: घर में अकेली पाकर बनाया शिकार

​पीड़िता की मां के अनुसार घटना रविवार रात की है। उस समय किशोरी घर पर अकेली थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक चुपके से घर में घुस आया और किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया। पीड़िता ने जब विरोध करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया। सोमवार को जब परिजन घर लौटे, तो सदमे में डूबी किशोरी ने आपबीती सुनाई।

​आरोपी ने सुलह के बजाय की मारपीट और धमकी

​घटना के उजागर होने के बाद जब पीड़िता के परिजन आरोपी युवक के पास सच्चाई जानने के लिए गए, तो आरोपी ने अपनी गलती मानने के बजाय परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उसने परिजनों के साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। इस दबंगई के बाद मंगलवार को पीड़िता की मां ने फतुहा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई।

​पुलिस जांच और प्रेम प्रसंग का एंगल

​इस मामले पर फतुहा थाने के अपर थाना अध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस को लिखित शिकायत मिल चुकी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने प्रारंभिक जांच के आधार पर इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग होने की संभावना भी जताई है।
​अपर थाना अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पुलिस हर पहलू पर बारीकी से काम कर रही है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उसके बयानों को रिकॉर्ड किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।