रविवार को उत्तरी साइप्रस के तट के पास समुद्र में एक बड़ा हादसा हो गया. मेडिटेरियन सी में तुर्किये जा रही फेरी बोट यूरोपीय देश साइप्रस के उत्तरी तट से 270 से ज्यादा यात्रियों के साथ रवाना हुई थी. अचानक पलट जाने के कारण इस खौफनाक हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 23 लोग अभी भी लापता हैं. जिसके बाद मौके पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है.
पैसेंजर बोट काइरेनिया के तट से लगभग दो किलोमीटर उत्तर में पलटी है. बचाव के लिए तुर्की साइप्रस तटरक्षक बल की नावें मौके पर पहुंच गईं. मदद के लिए एक बचाव हेलीकॉप्टर भी भेजा गया है.
नॉर्थ साइप्रस के पास करीब 270 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही एक फेरी अचानक समुद्र में पलट गई. यह निजी कंपनी की फेरी बोट रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे उत्तरी साइप्रस के काइरेनिया बंदरगाह से तुर्की के तासुकु बंदरगाह के लिए रवाना हुई थी.
उत्तरी साइप्रस के प्रधानमंत्री उनाल उस्तेल ने बताया कि अब तक 237 लोगों को बचा लिया गया है. उन्होंने बताया कि खराब मौसम के बीच फेरी रवाना हुई थी और निकलने के करीब 15 मिनट बाद उसमें पानी भरने लगा. किनारे से महज 4 मील दूर पहुंचते ही नौका अनियंत्रित होकर पानी में डूबने लगी. देखते ही देखते यात्री पानी में फंस गए और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए पलटी हुई फेरी के ऊपर चढ़ गए.
कैटामरैन एक खास तरह की नाव या फेरी होती है. लेकिन यह पूरी तरह पलटने के खतरे से सुरक्षित नहीं होता. मेडिटेरियन सी में नाव पलटने की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन साइप्रस के पास बड़ी पैसेंजर फेरी का पलटना आम बात नहीं है.
हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें और एम्बुलेंस फौरन मौके के लिए रवाना हुई थीं. स्थानीय लोग भी अपनी निजी नावें लेकर समुद्र में डूब रहे लोगों को बचाने कूद पड़े थे.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


