FIFA World Cup 2026 Final: फुटबॉल के महाकुंभ यानी फीफा वर्ल्ड कप के आगाज के एक महीने से अधिक समय बाद अब दुनिया भर के फुटबॉल फैंस की निगाहें टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं। इस बार का फाइनल लियोनेल मेसी की अगुवाई वाली डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें विश्व फुटबॉल का सबसे बड़ा सम्मान हासिल करने के लिए मैदान में उतरेंगी। मुकाबले में एक ओर डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना होगी, जबकि दूसरी तरफ शानदार लय में चल रही स्पेन की टीम चुनौती पेश करेगी।

बता दें कि फाइनल से पहले दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया है। सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई, जबकि स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। ऐसे में विश्व फुटबॉल की दो सर्वश्रेष्ठ टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
मेसी और यमाल पर रहेंगी सभी की नजरें

फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना के दिग्गज कप्तान लियोनेल मेसी और स्पेन के 19 वर्षीय युवा स्टार लामिन यमाल पर खास नजरें रहेंगी। मेसी जहां अपने शानदार करियर में एक और विश्व कप खिताब जोड़ना चाहेंगे, वहीं यमाल अपनी प्रतिभा से स्पेन को दूसरी बार विश्व चैंपियन बनाने की कोशिश करेंगे।
विश्व कप में 60 साल बाद होगी भिड़ंत

फीफा विश्व कप के इतिहास में अर्जेंटीना और स्पेन की टीमें अब तक केवल एक बार आमने-सामने आई हैं। दोनों के बीच पहली और अब तक की इकलौती विश्व कप भिड़ंत 1966 के टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में हुई थी, जिसमें अर्जेंटीना ने स्पेन को 2-1 से हराया था।
अब लगभग 60 साल बाद दोनों टीमें एक बार फिर विश्व कप में आमने-सामने होंगी, जिससे यह मुकाबला ऐतिहासिक बन गया है।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में बराबरी

यदि दोनों टीमों के ओवरऑल रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अर्जेंटीना और स्पेन के बीच अब तक कुल 14 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें दोनों टीमों ने 6-6 मैच जीते हैं, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। ऐसे में फाइनल मुकाबला दोनों टीमों के बीच बढ़त हासिल करने का भी अवसर होगा।
अर्जेंटीना के पास इतिहास रचने का मौका

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना अब तक तीन बार फीफा विश्व कप जीत चुकी है। टीम ने 1978, 1986 और 2022 में विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। यदि अर्जेंटीना इस बार भी खिताब जीतने में सफल रहती है तो वह चौथी बार विश्व कप अपने नाम करेगी।
इसके साथ ही अर्जेंटीना चार-चार विश्व कप जीतने वाली जर्मनी और इटली की बराबरी कर लेगी। सबसे अधिक पांच बार विश्व कप जीतने का रिकॉर्ड अब भी ब्राजील के नाम दर्ज है।
दूसरी ट्रॉफी की तलाश में स्पेन

स्पेन की टीम ने अब तक सिर्फ एक बार फीफा विश्व कप का खिताब जीता है। उसने 2010 में विश्व फुटबॉल का सबसे बड़ा सम्मान अपने नाम किया था। अब स्पेन की नजरें 16 साल बाद दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने पर होंगी।
ऐसे में फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल सिर्फ दो मजबूत टीमों के बीच मुकाबला नहीं, बल्कि इतिहास रचने का भी अवसर होगा। दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें अब इस महामुकाबले पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि विश्व फुटबॉल का नया बादशाह कौन बनेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

