FIFA World Cup 2026 Winner Prediction: फुटबॉल के सबसे बड़े महासंग्राम यानी फीफा वर्ल्ड कप के 23वें संस्करण के शुरू होने में अब एक हफ्ते से भी कम समय बचा है, लेकिन टूर्नामेंट से पहले सबसे ज्यादा चर्चा जर्मनी के गणितज्ञ योआखिम क्लेमेंट की भविष्यवाणी को लेकर हो रही है। क्लेमेंट वही शख्स हैं, जिन्होंने इससे पहले 3 बार विश्व चैंपियन का सटीक अनुमान लगाया था। अब उन्होंने 2026 विश्व कप के लिए एक ऐसी टीम पर दांव लगाया है, जिसने अब तक एक भी फीफा वर्ल्ड कप नहीं जीता है।
क्लेमेंट की चौथी भविष्यवाणी भी अगर सही साबित होती है तो फुटबॉल इतिहास का 96 साल पुराना इंतजार खत्म हो सकता है। कौन सा है वो देश ? आइए विस्तार से जानते है।
लगातार तीन बार सही साबित हुई क्लेमेंट की भविष्यवाणी
बता दें कि योआखिम क्लेमेंट ने 2014 फीफा वर्ल्ड कप में जर्मनी को चैंपियन बनने का अनुमान लगाया था। इसके बाद 2018 में उन्होंने फ्रांस और 2022 में अर्जेंटीना को खिताब का दावेदार बताया था। खास बात यह रही कि उनकी तीनों भविष्यवाणियां सटीक साबित हुईं।

अब क्लेमेंट के मॉडल ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए नीदरलैंड्स को सबसे मजबूत दावेदार बताया है। अगर यह भविष्यवाणी सही साबित होती है तो डच टीम 96 साल के इंतजार को खत्म करते हुए पहली बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम करेगी।
2014 में खुद भी हैरान रह गए थे क्लेमेंट
योआखिम क्लेमेंट का कहना है कि उन्होंने यह मॉडल विश्व कप विजेता का सटीक अनुमान लगाने के लिए नहीं बनाया था। उनका उद्देश्य यह दिखाना था कि फुटबॉल जैसे खेल में भविष्यवाणी करना कितना मुश्किल होता है।

क्लेमेंट ने बताया कि जब 2014 में जर्मनी ने ब्राजील में विश्व कप जीता था तो वह खुद भी चौंक गए थे। उस समय ज्यादातर विशेषज्ञों का मानना था कि दक्षिण अमेरिका में कोई यूरोपीय टीम विश्व कप नहीं जीत सकती, लेकिन जर्मनी ने सभी अनुमान गलत साबित कर दिए थे।
कैसे काम करता है यह गणितीय मॉडल?
क्लेमेंट का मॉडल सिर्फ मैदान पर टीम के प्रदर्शन को नहीं देखता। इसमें कई आर्थिक और सामाजिक संकेतकों को भी शामिल किया जाता है। मॉडल में प्रति व्यक्ति जीडीपी, देश की आबादी, फुटबॉल की लोकप्रियता, फीफा रैंकिंग और अन्य सांख्यिकीय आंकड़ों का विश्लेषण किया जाता है।

इसके अलावा क्लेमेंट मानते हैं कि फुटबॉल में किस्मत की भूमिका भी बेहद अहम होती है। यही वजह है कि उनके मॉडल में ‘लक फैक्टर’ को भी शामिल किया गया है।
फाइनल में पुर्तगाल को हराएगा नीदरलैंड्स!
क्लेमेंट के मॉडल के मुताबिक, नीदरलैंड्स सेमीफाइनल में स्पेन को हराकर फाइनल में जगह बनाएगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड और पुर्तगाल के बीच मुकाबला होगा, जिसमें पुर्तगाल जीत दर्ज करेगा।

इसके बाद फाइनल में नीदरलैंड्स, पुर्तगाल को हराकर पहली बार फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन बनेगा। हालांकि क्लेमेंट खुद लोगों को अपनी भविष्यवाणी के आधार पर दांव लगाने की सलाह नहीं देते। उनका मानना है कि फुटबॉल में नतीजे अक्सर आखिरी क्षण तक अनिश्चित रहते हैं।
क्या टूटेगा 96 साल का इंतजार?
नीदरलैंड्स फुटबॉल की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जाती है, लेकिन अब तक वह एक भी विश्व कप खिताब नहीं जीत सकी है। डच टीम 1974, 1978 और 2010 में फाइनल तक पहुंची, लेकिन हर बार ट्रॉफी जीतने से चूक गई।

2014 विश्व कप में नीदरलैंड्स तीसरे स्थान पर रहा था। वहीं 2018 में वह टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई भी नहीं कर पाया था। 2022 विश्व कप में टीम का सफर क्वार्टरफाइनल तक ही सीमित रहा था। ऐसे में 2026 विश्व कप उसके लिए इतिहास रचने का बड़ा मौका माना जा रहा है।
ग्रुप एफ में है नीदरलैंड्स

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में नीदरलैंड्स को ग्रुप एफ में रखा गया है। इस ग्रुप में जापान, स्वीडन और ट्यूनीशिया भी शामिल हैं। डच टीम अपना पहला मुकाबला 14 जून को जापान के खिलाफ खेलेगी।
अब फुटबॉल प्रेमियों की नजर इस बात पर होगी कि क्या योआखिम क्लेमेंट की लगातार चौथी भविष्यवाणी भी सही साबित होती है या फिर विश्व कप एक बार फिर सभी गणनाओं को गलत साबित कर देगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

