FIFA vs ICC World Cup Prize Money: दुनिया के दो सबसे लोकप्रिय खेलों क्रिकेट और फुटबॉल के विश्व कप की चमक केवल खेल तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इन टूर्नामेंटों में मिलने वाली प्राइज मनी भी दुनियाभर का ध्यान खींचती है। एक ओर जहां 11 जून से फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने जा रहा है, वहीं 12 जून से महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होगी। ऐसे में यह जानना दिलचस्प है कि आखिर दोनों खेलों के विश्व कप विजेताओं को कितनी इनामी राशि मिलती है और दोनों के बीच कितना अंतर है।

फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ फीफा वर्ल्ड कप के 23वें संस्करण की मेजबानी इस बार संयुक्त रूप से अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा कर रहे हैं। यह पहली बार है जब तीन देश मिलकर विश्व कप की मेजबानी कर रहे हैं। इसके साथ ही टूर्नामेंट में पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 4-4 टीमों के 12 ग्रुप में बांटा गया है।
फीफा वर्ल्ड कप का प्राइज पूल ऐतिहासिक
फीफा वर्ल्ड कप 2026 केवल टीमों की संख्या और मेजबानी के लिहाज से ही नहीं, बल्कि प्राइज मनी के मामले में भी ऐतिहासिक माना जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट का कुल प्राइज पूल करीब 8,300 करोड़ रुपये बताया गया है, जो पिछले संस्करण की तुलना में लगभग 49 प्रतिशत अधिक है।
टूर्नामेंट जीतने वाली टीम को करीब 477 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिलेगी। यही वजह है कि फीफा वर्ल्ड कप को दुनिया का सबसे अधिक इनामी राशि वाला खेल आयोजन माना जाता है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप की विजेता को मिलेंगे 22 करोड़ रुपये

12 जून से इंग्लैंड में शुरू हो रहे महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारतीय टीम ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के साथ है। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 14 जून को खेला जाएगा।
इस टूर्नामेंट की विजेता टीम को 2.34 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में लगभग 22 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026: भारतीय फुटबॉल फैंस फोन और स्मार्ट टीवी पर लाइव देख पाएंगे फीफा वर्ल्ड कप, जानें Zee5 सब्सक्रिप्शन की कीमत और पूरी डिटेल
महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने पर मिले थे 39 करोड़ रुपये
महिला वनडे वर्ल्ड कप 2026 की चैंपियन टीम को 4.48 मिलियन अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि मिली थी। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 39 करोड़ रुपये बैठती है। यह महिला टी20 विश्व कप की तुलना में काफी अधिक है, लेकिन फिर भी फीफा वर्ल्ड कप की प्राइज मनी के मुकाबले बहुत कम है।
पुरुष टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर टीम इंडिया को मिले 27 करोड़ रुपये

पुरुषों के वनडे वर्ल्ड कप 2023 का खिताब जीतने पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को कुल 4 मिलियन अमेरिकी डॉलर (भारतीय रुपयों में लगभग 33.31 करोड़ रुपये) की इनामी राशि मिली थी। वहीं, इसी साल भारतीय पुरुष टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। इस जीत के लिए टीम इंडिया को 3 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 27 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली।
हालांकि क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंटों में शामिल टी20 विश्व कप की यह राशि भी फीफा वर्ल्ड कप विजेता को मिलने वाली रकम के सामने काफी छोटी दिखाई देती है।
फीफा और क्रिकेट विश्व कप में कितना बड़ा अंतर?
अगर केवल विजेता टीम को मिलने वाली प्राइज मनी की तुलना करें तो फीफा वर्ल्ड कप 2026 की चैंपियन टीम को मिलने वाले करीब 477 करोड़ रुपये, पुरुष टी20 विश्व कप विजेता को मिली 27 करोड़ रुपये की राशि से लगभग 20 गुना अधिक हैं।
यानी प्राइज मनी के मामले में फुटबॉल का विश्व कप क्रिकेट के विश्व कपों पर भारी पड़ता है। यही कारण है कि फीफा वर्ल्ड कप को न केवल दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल आयोजन माना जाता है, बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी यह खेल जगत का सबसे बड़ा मंच है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

