Major changes in Team India: भारतीय क्रिकेट टीम को आगामी अंतरराष्ट्रीय सीरीजों से पहले एक साथ दो बड़ी खबरें मिली हैं। एक ओर रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या ने फिटनेस टेस्ट पास कर अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए अपनी उपलब्धता सुनिश्चित कर दी है, वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज से आराम दिया गया है। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है।
रोहित-हार्दिक को मिली फिटनेस क्लियरेंस

रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए पहले ही टीम में चुना गया था, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर थी। IPL 2026 के दौरान रोहित हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे थे, जबकि हार्दिक पांड्या बैक स्पाज्म से परेशान थे। अब BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) ने दोनों खिलाड़ियों को फिट घोषित कर दिया है और वे जल्द ही भारतीय टीम से जुड़ेंगे।
हालांकि टीम को बड़ा झटका विराट कोहली के रूप में लगा है। IPL 2026 फाइनल के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हुए कोहली अफगानिस्तान सीरीज से बाहर हो चुके हैं। मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने बताया कि उनकी वापसी की समयसीमा अभी तय नहीं है। उम्मीद जताई जा रही है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज तक फिट हो सकते हैं। कोहली की जगह युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है।
सिराज को आराम, प्रसिद्ध कृष्णा की एंट्री

दूसरी ओर BCCI ने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से आराम देने का फैसला किया है। बोर्ड ने मेडिकल टीम और टीम मैनेजमेंट के साथ चर्चा के बाद यह निर्णय लिया। BCCI के अनुसार लंबे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए सिराज को पर्याप्त रिकवरी समय देना जरूरी है।

सिराज हाल के समय में भारत के प्रमुख तेज गेंदबाजों में रहे हैं और तीनों प्रारूपों में लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को भारतीय टी-20 टीम में शामिल किया गया है। प्रसिद्ध अब तक 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 8 विकेट ले चुके हैं।
श्रेयस अय्यर के हाथों में टी-20 टीम की कमान

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए BCCI ने श्रेयस अय्यर को भारतीय टी-20 टीम का नया कप्तान बनाया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में मौका मिला है। वह भारत की राष्ट्रीय टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।
अफगानिस्तान वनडे सीरीज का कार्यक्रम
पहला वनडे: 13 जून, धर्मशाला
दूसरा वनडे: 17 जून, लखनऊ
तीसरा वनडे: 20 जून, चेन्नई
आयरलैंड टी-20 सीरीज
26 जून: बेलफास्ट
28 जून: बेलफास्ट
इंग्लैंड दौरा
टी-20 सीरीज: 1 से 11 जुलाई
वनडे सीरीज: 14, 16 और 19 जुलाई
रोहित और हार्दिक की फिटनेस क्लियरेंस से जहां भारतीय टीम को मजबूती मिली है, वहीं सिराज को आराम देकर टीम मैनेजमेंट ने आगामी व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए लंबी रणनीति पर काम करने के संकेत दिए हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

