FIFA World Cup 2026 Semifinal: 48 टीमों के साथ शुरू हुए फीफा विश्व कप 2026 में अब सिर्फ चार टीमें बची हैं। फ्रांस, स्पेन, इंग्लैंड और अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। अब इन चारों में से केवल दो टीमें ही फाइनल में पहुंचेंगी और इसका फैसला दो बड़े सेमीफाइनल मुकाबलों से होगा। टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल आज रात फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा। दोनों यूरोपीय दिग्गजों की नजरें खिताबी मुकाबले में जगह बनाने पर हैं। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे खेला जाएगा।

फ्रांस vs स्पेन सेमीफाइनल: कब और कहां होगा मुकाबला?

फीफा विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 जुलाई 2026 को भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे अमेरिका के डलास में आयोजित होगा। दोनों टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतरेंगी। इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले की विजेता टीम से खिताबी जंग लड़ेगी।

सेमीफाइनल से पहले स्पेन के यमाल का बड़ा बयान

स्पेन के युवा स्टार लामिने यमाल ने मुकाबले से पहले आत्मविश्वास दिखाते हुए कहा है कि उनकी टीम फ्रांस को हराने की क्षमता रखती है और फ्रांस को उनसे सावधान रहना होगा। हालांकि बड़े मुकाबलों में केवल बयान नहीं बल्कि मैदान पर प्रदर्शन मायने रखता है।

फ्रांस का अब तक का सफर शानदार रहा है और टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। ऐसे में स्पेन के सामने सबसे बड़ी चुनौती फ्रांस के खतरनाक आक्रमण को रोकने की होगी।

फ्रांस का एकतरफा प्रदर्शन, अटैक बना सबसे बड़ा हथियार

फ्रांस ने फीफा विश्व कप 2026 में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। पैराग्वे के अलावा कोई भी टीम उसे ज्यादा परेशान नहीं कर सकी है। फ्रांस ने अपने ज्यादातर मुकाबले आसानी से जीते हैं और हर विभाग में संतुलित नजर आया है।

फ्रांस की सबसे बड़ी ताकत उसका आक्रमण है। टीम तेज गति से अटैक करती है और मौका मिलते ही काउंटर अटैक में विपक्षी डिफेंस को तोड़ देती है।

एमबाप्पे, डेम्बेले और ओलीसे की तिकड़ी से खतरा

फ्रांस के लिए किलियन एमबाप्पे सबसे बड़ा हथियार हैं। उन्होंने इस विश्व कप में अब तक 8 गोल और 3 असिस्ट किए हैं। वहीं ओस्मान डेम्बेले ने 5 गोल और 2 असिस्ट, जबकि माइकल ओलीसे ने 5 असिस्ट किए हैं। इन तीनों की गति, ड्रिब्लिंग और गोल बनाने की क्षमता स्पेन के डिफेंस के लिए बड़ी चुनौती होगी।

फ्रांस ने टूर्नामेंट में अब तक 16 गोल किए हैं, जिनमें से 13 गोल एमबाप्पे और डेम्बेले के खाते में गए हैं। वहीं ओलीसे ने कई मौकों पर शानदार असिस्ट देकर टीम को फायदा पहुंचाया है।

फ्रांस की रणनीति और फॉर्मेशन

फ्रांस 4-2-3-1 फॉर्मेशन के साथ खेल रहा है। टीम की रणनीति तेज काउंटर अटैक पर आधारित है। फ्रांस अक्सर विपक्षी टीम को आगे आने देता है और फिर गेंद मिलते ही तेजी से हमला करता है।

मिडफील्ड में मनु कोने और एड्रियन राबियो गेंद जीतने के साथ-साथ अटैक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

फ्रांस की संभावित प्लेइंग 11

माइक मेन्यां, दायोत उपामेकानो, विलियम सलीबा, लुकास डिग्ने, मनु कोने, एड्रियन राबियो, माइकल ओलीसे, ओस्मान डेम्बेले, डिजायर डूए, किलियन एमबाप्पे।

स्पेन की सबसे बड़ी ताकत मजबूत डिफेंस

स्पेन ने इस विश्व कप में शानदार डिफेंस दिखाया है। टीम ने छह मुकाबलों में सिर्फ एक गोल खाया है। अयमेरिक लापोर्ट और पाउ कुबारसी की सेंटर बैक जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

मार्क कुकुरेया और पेड्रो पोर्रो भी डिफेंस के साथ-साथ अटैक में योगदान दे रहे हैं।

स्पेन की रणनीति

स्पेन की पहचान हमेशा से पजेशन फुटबॉल रही है और इस विश्व कप में भी टीम गेंद पर नियंत्रण रखने की कोशिश करती है।

मिडफील्ड में रोड्री, पेड्री और फैबियन रुइज टीम की रीढ़ हैं। वहीं लामिने यमाल और निको विलियम्स अपनी रफ्तार और ड्रिब्लिंग से विपक्षी डिफेंस पर दबाव बनाते हैं।

मिकेल मेरिनो और यमाल पर रहेंगी नजरें

स्पेन के लिए मिकेल मेरिनो इस टूर्नामेंट में बेहद प्रभावशाली रहे हैं। उन्होंने सिर्फ 136 मिनट खेलकर दो नॉकआउट मुकाबलों में निर्णायक गोल किए हैं।

वहीं मिकेल ओयारजाबाल चार गोल के साथ टीम के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। स्पेन को उम्मीद होगी कि लामिने यमाल भी सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।

संभावित प्लेइंग XI (स्पेन)

उनाई सिमोन, पेड्रो पोर्रो, पाउ कुबारसी, अयमेरिक लापोर्ट, मार्क कुकुरेया, पेड्री, रोड्री, लामिने यमाल, दानी ओल्मो, एलेक्स बेना, मिकेल ओयारजाबाल।

फ्रांस vs स्पेन हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

फ्रांस और स्पेन के बीच अब तक कुल 38 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें स्पेन का पलड़ा भारी रहा है, जिसने 18 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि फ्रांस ने 13 मुकाबले अपने नाम किए हैं। दोनों टीमों के बीच 7 मैच ड्रॉ रहे हैं। दोनों टीमें पिछली बार 2025 के नेशंस लीग सेमीफाइनल में भी भिड़ी थीं, जहां स्पेन ने 5-4 से जीत दर्ज की थी। वहीं फीफा विश्व कप के इतिहास में फ्रांस और स्पेन की भिड़ंत अब तक सिर्फ एक बार (साल 2006 में) हुई है, जिसमें फ्रांस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन को 3-1 से हराया था।

किसका पलड़ा भारी?

अगर मौजूदा फॉर्म की बात करें तो फ्रांस का अटैक बेहद खतरनाक नजर आ रहा है, जबकि स्पेन का डिफेंस उसकी सबसे बड़ी ताकत है।

एक तरफ एमबाप्पे, डेम्बेले और ओलीसे जैसे मैच विनर खिलाड़ी हैं, तो दूसरी ओर स्पेन के पास रोड्री, पेड्री और यमाल जैसे शानदार खिलाड़ी हैं।

ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ फाइनल की टिकट की लड़ाई नहीं बल्कि दो अलग-अलग फुटबॉल शैलियों की टक्कर भी होगी। जीत किसी की भी हो, दर्शकों को एक यादगार सेमीफाइनल देखने को मिल सकता है।

भारत में कहां देखें लाइव?

भारतीय फुटबॉल प्रशंसक फीफा विश्व कप 2026 सेमीफाइनल मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग ZEE5 ऐप पर देख सकेंगे। टीवी पर मुकाबले का सीधा प्रसारण यूनाइट8 स्पोर्ट्स चैनल्स पर उपलब्ध रहेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H