FIFA World Cup 2026: स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस महामुकाबले में जहां स्पेन की जीत चर्चा का केंद्र रही, वहीं दो पीढ़ियों के सुपरस्टार 39 वर्षीय लियोनल मेसी और 19 वर्षीय लामिन यमाल भी लगातार सुर्खियों में बने रहे।

बता दें कि फाइनल से पहले मेसी और यमाल की 2007 में यूनिसेफ के एक फोटोशूट के दौरान ली गई कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। इन तस्वीरों में लियोनल मेसी पांच महीने के बेबी लामिन यमाल को टब में नहलाते और गोद में लिए नजर आ रहे थे। विश्व कप जीतने के बाद अब यमाल ने मेसी को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों का दिल जीत लिया।

‘यह पल जिंदगीभर नहीं भूलूंगा’
स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल ने कहा कि विश्व कप जीतना उनके करियर का सबसे बड़ा सपना था, लेकिन इस फाइनल ने उन्हें एक ऐसी याद भी दी जिसे वह पूरी जिंदगी संजोकर रखेंगे।

यमाल ने कहा, “आज मैंने स्पेन के लिए वर्ल्ड कप जीता, लेकिन मैंने कुछ ऐसा भी अनुभव किया जिसके बारे में मैं एक दिन अपने बच्चों को बताऊंगा। जिस इंसान ने मुझे बचपन में अपनी गोद में उठाया था, वही आज मैदान के दूसरी तरफ उसी सपने के लिए लड़ रहा था। फुटबॉल कहानियों को पूरा चक्र देने का सबसे खूबसूरत तरीका है।”
‘मेसी सिर्फ प्रतिद्वंद्वी नहीं, प्रेरणा हैं’
यमाल ने बताया कि अंतिम सीटी बजने के बाद उन्होंने मेसी को सिर्फ एक विरोधी खिलाड़ी के रूप में नहीं देखा, बल्कि उस खिलाड़ी के रूप में देखा जिसने पूरी दुनिया के करोड़ों बच्चों को फुटबॉल से प्यार करना सिखाया।
उन्होंने कहा, “जब मैंने आखिरी सीटी के बाद मेसी को देखा तो मुझे सिर्फ एक प्रतिद्वंद्वी नहीं दिखा। मैंने उस खिलाड़ी को देखा जिसने मेरे सहित लाखों बच्चों को यह यकीन दिलाया कि फुटबॉल भी एक कला है। मैं उनके वीडियो बार-बार देखता था और उन चीजों की नकल करने की कोशिश करता था, जिन्हें शायद कोई दूसरा खिलाड़ी नहीं कर सकता।”

‘हार के बाद भी मेसी ने नहीं छोड़ी उम्मीद’
यमाल ने कहा कि फाइनल में हार के बावजूद मेसी का जज्बा हर खिलाड़ी के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा, “मुझे पता है कि यह हार उन्हें जरूर दर्द देगी। कोई खिलाड़ी इतने जुनून के साथ अपने देश के लिए नहीं खेलता और वर्ल्ड कप फाइनल हारने के बाद दुख महसूस न करे। हार के बावजूद वह लगातार गेंद मांगते रहे, मौके बनाते रहे और आखिरी पल तक हार नहीं मानी। असली चैंपियन ऐसे ही होते हैं।”
39 की उम्र में भी डिफेंडरों पर भारी पड़े मेसी

स्पेनिश स्टार ने मेसी की फिटनेस और खेल की भी जमकर तारीफ की। उनका कहना था कि जिस उम्र में अधिकांश दिग्गज खिलाड़ी संन्यास ले चुके होते हैं, उस उम्र में भी मेसी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडरों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
यमाल ने कहा, “लोग स्पेन के विश्व कप जीतने की बात करेंगे और उन्हें करनी भी चाहिए। लेकिन वे यह भी याद रखेंगे कि उस उम्र में, जब ज्यादातर महान खिलाड़ी रिटायर हो चुके होते हैं, मेसी जब भी गेंद को छूते थे तो दुनिया के बेहतरीन डिफेंडर भी घबरा जाते थे।”
फुटबॉल से बढ़कर सम्मान की कहानी
स्पेन ने भले ही विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली, लेकिन फाइनल के बाद लामिन यमाल के शब्दों ने यह दिखा दिया कि महान खिलाड़ियों के बीच सम्मान किसी भी जीत या हार से बड़ा होता है। एक ओर यमाल ने विश्व चैंपियन बनने का सपना पूरा किया, तो दूसरी ओर उन्होंने अपने आदर्श लियोनल मेसी के प्रति सम्मान जताकर खेल भावना की शानदार मिसाल पेश की।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


