हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में छोटा बांगड़दा स्थित ‘आयुष बेकरी’ में की गई औचक कार्रवाई के दौरान भारी अनियमितताएं और गंभीर गंदगी मिलने का मामला सामने आया है। विभाग ने बेकरी का खाद्य पंजीयन (Registration) निलंबित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बेकरी में मिली गंभीर अनियमिताएं

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम जब छोटा बांगड़दा स्थित आयुष बेकरी के निर्माण परिसर में पहुंची, तो वहां साफ-सफाई के मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। निरीक्षण के दौरान निम्नलिखित कमियां पाई गईं। केक तैयार करने वाली मुख्य प्रिपरेशन टेबल पर चींटियां और मक्खियां रेंगती हुई मिलीं। प्रतिष्ठान के फ्रीजर और फ्रिज की सफाई व्यवस्था भी बेहद खराब पाई गई। मौके पर केक निर्माण में उपयोग के लिए रखी गई एक्सपायर्ड (अवधि पार) चेरी का इस्तेमाल किए जाने का मामला भी सामने आया।

दस्तावेजों का अभाव

काम करने वाले खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस और पेस्ट कंट्रोल (कीट नियंत्रण) से जुड़े कोई भी अनिवार्य प्रमाण-पत्र मौके पर नहीं मिले। इन तमाम गंभीर स्वच्छता अनियमितताओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निरस्त करने के लिए प्रकरण भेज दिया है।

अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कसा शिकंजा

आयुष बेकरी के अलावा कार्रवाई के दायरे में अन्य प्रतिष्ठान भी आए हैं। सुधार सूचना पत्र जारी: प्रशासन ने ‘दीपनीषा गृह उद्योग’ और ‘किशन चिप्स एंड फूड प्रोडक्ट’ को नियमों के तहत सुधार करने के लिए सूचना पत्र (Notice) जारी किया है। खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे: दोनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने (सेम्पल) लिए गए हैं। इनमें राजगिरा लड्डू और चिप्स के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए भोपाल स्थित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। त्योहारी सीजन के मद्देनजर आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की यह निगरानी और औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m