दिलशाद अहमद, सूरजपुर। बीते दिनों सूरजपुर जिले के तत्कालीन भैयाथान तहसीलदार, एक पटवारी सहित चार लोगों के खिलाफ फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर जमीन नामांतरण और रजिस्ट्री कराने के मामले में दर्ज FIR के विरोध में आज पटवारियों ने झिलमिली थाना के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने एफआईआर वापस लेने की मांग की।

पटवारियों का कहना है कि यह जमीन संबंधी मामला है, जिसमें विभागीय जांच चल रही है। ऐसे में पटवारी एंजेलिना भगत के ऊपर गलत एफआईआर दर्ज किया गया है, जिसे वापस लेना होगा। वहीं पुलिस ने कहा कि मामले की अच्छी तरह जांच की गई है और जांच के बाद ही एफआईआर दर्ज की गई है। पटवारियों द्वारा इसी के विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा है।

विभागीय जांच पूरी होने से पहले एफआईआर गलत- पटवारी संघ

सूरजपुर पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष राजेश साहू ने बताया कि मामला जमीन संबंधी है, जिस पर विभागीय जांच चल रही है। विभागीय जांच चलते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। शासन से भी निर्देश मिले हैं कि जब तक विभागीय जांच पूरी न हो जाए और दोष सिद्ध न हो, तब तक संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने मनमाने ढंग से एफआईआर दर्ज कर दिया गया है। इसके खिलाफ में पूरे जिले के राजस्व पटवारी संघ आज से हड़ताल पर बैठे हुए हैं।

जांच के बाद ही की गई है एफआईआर

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि बीते दिनों भैयाथान थाने में एक पुराने मामले में धोखाधड़ी की शिकायत हुई थी। उस मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें तत्कालीन तहसीलदार और पटवारी के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले को लेकर पटवारियों का विरोध है कि बिना जांच के एफआईआर की गई है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही एफआईआर दर्ज की गई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H