फिरोजाबाद. पंजाब के फाजिल्का में तैनात फिरोजाबाद के एक बीएसएफ जवान ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली. घटना बीएसएफ कैंप के सरकारी आवास में हुई. वारदात का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. सूचना मिलने के बाद जवान के परिजन फाजिल्का पहुंच गए हैं.
मक्खनपुर थाना क्षेत्र के सांती गांव निवासी 38 वर्षीय दिनेश कुमार बघेल बीएसएफ में आरक्षी के पद पर तैनात थे. वह बीएसएफ की 38वीं बटालियन में शामिल थे और पंजाब के फाजिल्का में ड्यूटी कर रहे थे. सरकारी आवास में वह अपनी 36 वर्षीय पत्नी पिंकी, 12 वर्षीय बेटी अनुष्का और सात वर्षीय बेटे जयादित्य के साथ रहते थे.
ड्यूटी से लौटने के बाद हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात ड्यूटी से लौटने के बाद दिनेश कुमार अपने सरकारी क्वार्टर में थे. आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने अपनी पत्नी पिंकी की गला रेतकर हत्या कर दी. इसके बाद जवान ने खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी. घटना की जानकारी गुरुवार सुबह तब हुई, जब उनकी बेटी अनुष्का ने दोनों के शव देखे और शोर मचाया.
पड़ोसियों ने अधिकारियों को दी सूचना
बच्ची के शोर मचाने पर पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई. इसके बाद बीएसएफ अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई. अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. हत्या और खुदकुशी की वजह जानने के लिए जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें- SC-ST एक्ट पर हाईकोर्ट की बड़ी टिप्पणी, इन शर्तों के बिना नहीं चलेगा केस
छह महीने पहले परिवार को ले गए थे पंजाब
परिजनों के मुताबिक, दिनेश कुमार पांच भाइयों में सबसे बड़े थे. करीब छह महीने पहले वह पत्नी और दोनों बच्चों को अपने साथ फाजिल्का ले गए थे. पिंकी गांव में एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं. फिलहाल यह साफ नहीं है कि पति-पत्नी के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसके बाद यह घटना हुई. फिरोजाबाद में घटना की खबर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन फाजिल्का के लिए रवाना हो गए.



