सतीश सिंह, लखनऊ/वाराणसी. सावन के पहले सोमवार पर पूरा उत्तर प्रदेश ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा. आधी रात से ही लाखों श्रद्धालु और कांवड़िए भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए शिवालयों की ओर उमड़ पड़े. वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का मंदिर प्रशासन ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया. इस दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, नायब तहसीलदार समेत मंदिर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

प्रदेश सरकार ने पहले सोमवार को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं. वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, बागपत, कानपुर, आगरा और संभल सहित प्रमुख जिलों में ड्रोन कैमरों, जियो फेंसिंग, सीसीटीवी निगरानी और हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 3 August: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

काशी में पुष्पवर्षा, विशेष श्रृंगार के साथ खुले बाबा के कपाट

श्री काशी विश्वनाथ धाम को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. पहले सोमवार पर बाबा विश्वनाथ का विशेष ‘श्री शंकर स्वरूप’ श्रृंगार किया गया. जलाभिषेक के लिए पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का मंदिर प्रशासन ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, जिससे पूरा धाम भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया.

रात से ही शिवालयों में लगी लंबी कतारें

कानपुर के ऐतिहासिक आनंदेश्वर महादेव मंदिर, मेरठ के औघड़नाथ और बिल्वेश्वरनाथ महादेव मंदिर, बागपत के पुरा महादेव, गोरखपुर के प्रमुख शिवालयों और संभल के पातालेश्वर महादेव मंदिर सहित प्रदेशभर के शिवालयों में रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. कई मंदिरों में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है.

इसे भी पढ़ें : UP Weather Update : आज से तेज होगी मानसून की गतिविधि, अधिकतर जनपदों में भारी बारिश की संभावना

महिला श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था

प्रयागराज में बड़ी संख्या में महिला शिवभक्त गंगा और यमुना का पवित्र जल लेकर काशी के लिए रवाना हुईं. उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए घाटों तथा प्रमुख मार्गों पर महिला पुलिसकर्मियों और ‘आपदा सखियों’ की विशेष तैनाती की गई है.

सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम

वाराणसी में शहर को पांच जोन और 15 सेक्टरों में विभाजित कर करीब 5,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. एंटी-ड्रोन सिस्टम, जियो फेंसिंग और सीसीटीवी के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. मेरठ, बागपत, कानपुर और संभल में भी पीएसी, आरएएफ, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन और ड्रोन निगरानी के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है. सावन के पहले सोमवार पर आस्था, भक्ति और व्यवस्थाओं का यह संगम पूरे उत्तर प्रदेश में देखने को मिला. शिवालयों में गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष और कांवड़ियों के उत्साह ने प्रदेश को पूरी तरह शिवमय बना दिया.