Bihar News: बिहार के मधुबनी से दिल को दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां तालाब में नहाने 6 बच्चों में से 5 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों ने एक बच्चे को किसी तरह पानी से बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा मामला बिस्फी प्रखंड के केरवार गांव की है।
गहरे पानी में चले जाने से हादसा
मिली जानकारी के अनुसार हर रोज की तरह आज बुधवार (3 जून) को भी गांव के 6 बच्चे नहाने के लिए तालबा गए हुए थे। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण एक-एक कर सभी बच्चे डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख स्थानीय लोगों ने मौके पर शोर मचाया और बच्चों के बचाने के लिए तलाब में छलांग लगाई। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद कुछ बच्चों को बाहर निकाला, जिसमें से केवल एक ही बच्चे की जान बच पाई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जिसनें ग्रामीणों की मदद से सभी डूबे हुए बच्चों के शव को तालाब से बाहर निकलवाया और उन्हें अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। फिलहाल हादसा किन वजह और परिस्थितियों में हुआ इसे लेकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पूरे गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
दिल को झकझोर देने वाली इस घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब काफी गहरा है। लेकिन यहां पर सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किया गया है और ना ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है।
प्रशासन ने मदद का दिया आश्वासन
घटना पर स्थानीय प्रशासन ने भी गहरा दुख जताया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता को हर संभव उनतक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। इसके साथ मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात प्रशासन की ओर से कही गई है।
ये भी पढ़ें- नालंदा: सिंचाई नहर पर अतिक्रमण ने उजाड़ दी किसानों की जिंदगी, जेठ के महीने में 50 बीघा खेत जलमग्न

